आरा में चलेगा विशेष अभियान: आगामी तीन महीने में एचआईवी संक्रमितों की होगी टीबी जांच

Published by : Rajeev Kumar Updated At : 10 Jun 2026 8:27 AM

विज्ञापन

आरा सदर अस्पताल.

Arrah News : जांच से लेकर इलाज और दवाइयों तक का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाएगा. अभियान का मतलब है कि समय पर जांच कर उपचार शुरू कर मरीजों की जान बचानी है..

विज्ञापन

आरा से नरेन्द्र प्रसाद सिंह की रिपोर्ट

Arrah News : जिले में आगामी तीन महीने के भीतर एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों की टीबी जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर यह अभियान मिशन मोड में संचालित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य एचआईवी संक्रमितों में सक्रिय टीबी मरीजों की शीघ्र पहचान, नियमित स्क्रीनिंग और समय पर उपचार सुनिश्चित करना है.

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में एचआईवी मरीजों की कैंप लगाकर अनिवार्य टीबी जांच की जाए. अधिकारियों के अनुसार, टीबी और एचआईवी का सह-संक्रमण गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है, इसलिए समय पर जांच और उपचार अत्यंत आवश्यक है.

स्क्रीनिंग में लक्षणों पर विशेष नजर

अभियान के दौरान सभी एआरटी सेंटर, लिंक एआरटी सेंटर, आईसीटीसी एवं संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले प्रत्येक पीएलएचआईवी (PLHIV) व्यक्ति की नियमित टीबी स्क्रीनिंग की जाएगी.

स्क्रीनिंग के दौरान मरीजों में वजन का लगातार कम होना, रात में अत्यधिक पसीना आना, भूख में कमी, कमजोरी और थकान जैसे लक्षणों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. यदि किसी मरीज में ऐसे लक्षण पाए जाते हैं, तो उसकी तुरंत चेस्ट एक्स-रे, सीबी-नेट या ट्रूनेट तथा बलगम जांच पूरी तरह निःशुल्क कराई जाएगी.

सरकार उठाएगी पूरा खर्च

अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के तहत मरीजों को घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि जांच से लेकर इलाज और दवाइयों तक का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाएगा. अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल बीमारी की पहचान नहीं, बल्कि समय पर उपचार शुरू कर मरीजों की जान बचानी है.

टीबी और एचआईवी की टू-वे स्क्रीनिंग

जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. अबसार अहमद ने बताया कि जिला टीबी केंद्र और एआरटी सेंटर के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर टू-वे स्क्रीनिंग को प्रभावी बनाया जाएगा. इसके तहत एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों की टीबी जांच अनिवार्य होगी और टीबी मरीजों की भी एचआईवी जांच कराई जाएगी.

उन्होंने बताया कि एआरटी सेंटर में पंजीकृत सभी जीवित व्यक्तियों की हर महीने टीबी स्क्रीनिंग की जाएगी और उसका अद्यतन रिकॉर्ड भी संधारित किया जाएगा.

Also Read: पटना के इस ऐतिहासिक मंदिर का होगा कायाकल्प, एसडीओ ने अतिक्रमणकारियों को दिया 4 दिन का अल्टीमेटम

विज्ञापन
Rajeev Kumar

लेखक के बारे में

By Rajeev Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन