भोजपुर में अवैध क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, छापेमारी के बाद किया सील

मेडिकल सामग्री की जांच करते स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी | Prabhat Khabar Network
स्वास्थ्य विभाग ने भोजपुर के बड़हरा प्रखंड में एक अवैध रूप से संचालित मेडिकल दुकान और क्लीनिक पर बड़ी कार्रवाई की है. दवाओं और मेडिकल सामग्री की बरामदगी के बाद विभाग ने दुकान को सील कर दिया है.
गया जी के बड़हरा प्रखंड क्षेत्र की पूर्वी गुण्डी पंचायत के गुण्डी गांव में अवैध रूप से संचालित मेडिकल दुकान एवं क्लीनिक के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को उसे सील कर दिया.
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि 20 जून 2026 को गुण्डी गांव निवासी फूल सिंह, पिता सभापति सिंह ने सहयोग आरटीएमएस पोर्टल पर पंजीकरण संख्या REF 341616 के तहत शिकायत दर्ज कराई थी.
शिकायत के आधार पर दोबारा छापेमारी
शिकायत के आलोक में सिविल सर्जन भोजपुर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संदीप सिंह उर्फ रिंकू सिंह द्वारा संचालित क्लीनिक की जांच की थी. हालांकि उस समय जांच के दौरान कोई मेडिकल सामग्री नहीं मिलने के कारण टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा था.
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा दोबारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद जिला स्तर पर मामले को गंभीरता से लिया गया. सिविल सर्जन के निर्देश पर डीएलओ डॉ. दयानंद राय के नेतृत्व में पुनः छापेमारी की गई.
दवाएं और मेडिकल सामग्री बरामद
इस बार जांच के दौरान क्लीनिक से दवाएं, आयरन सिरप, इंजेक्शन, डिस्पोजेबल सहित अन्य मेडिकल सामग्री बरामद हुई, जिससे अवैध रूप से क्लीनिक संचालन की पुष्टि हुई.
छापेमारी के दौरान क्लीनिक संचालक संदीप सिंह उर्फ रिंकू सिंह मौके पर मौजूद मिले, जबकि भवन मालिक नंद कुमार सिंह को कार्रवाई एवं सीलिंग की सूचना दी गई. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया.
छापेमारी दल के सदस्य और आगे की कार्रवाई
छापेमारी दल में डीएलओ डॉ. दयानंद राय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हरा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार, लिपिक कमलेश कुमार तथा फैमिली प्लानिंग वर्कर धनंजय कुमार शामिल थे. स्वास्थ्य विभाग ने बरामद मेडिकल सामग्री को जब्त कर लिया है तथा मामले में आगे की विभागीय एवं विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि बिना वैध पंजीकरण एवं निर्धारित मानकों के संचालित क्लीनिकों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा.
Also Read : गया जी समेत पांच जिलों में बिना कागजात 19 गाड़ियां पकड़ी गईं, GST विभाग ने शुरू की जांच
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संतोष कुमार सिंह
संतोष कुमार सिंह 20 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. प्रिंट, डिजिटल और प्रमुख मीडिया ऐप्स (न्यूज प्लेटफॉर्म्स) पर काम का अनुभव रखने वाले संतोष की राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति की खबरों पर पैनी नजर रहती है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










