ePaper

शिक्षा का उद्देश्य मनुष्य को मनुष्य बनाना, विचारों को विस्तृत करना और समाज को बेहतर बनाना है

Updated at : 28 Jan 2026 6:22 PM (IST)
विज्ञापन
शिक्षा का उद्देश्य मनुष्य को मनुष्य बनाना, विचारों को विस्तृत करना और समाज को बेहतर बनाना है

दीक्षांत समाराह में 44 छात्रों को गोल्ड मेडल, 113 को प्री-पीएचडी प्रमाणपत्र देकर किया गया सम्मानित

विज्ञापन

आरा.

वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बुधवार को बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति आरिफ मोहम्मद खान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत किया. विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचने पर कुलाधिपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद उन्होंने वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया.

नमन करने के बाद कुलाधिपति श्री खान सीधे मुख्य मंच पर पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की. इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार चतुर्वेदी भी साथ थे. दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने विभिन्न संकायों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 44 छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल प्रदान किया. साथ ही 113 छात्र-छात्राओं को प्री-पीएचडी प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया.

भारत आज विश्व के अग्रणी राष्ट्रों में तेजी से उभर रहा है :

अपने संबोधन में कुलाधिपति आरिफ मोहम्मद खान ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीक्षांत केवल डिग्री प्राप्ति का दिन नहीं, बल्कि समाज और देश के प्रति नयी जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लेने का अवसर भी है. उन्होंने छात्रों को ज्ञान, चरित्र और अनुशासन को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी. उन्होंने कहा कि इस भव्य दीक्षांत समारोह में उपस्थित होकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है. सबसे पहले मैं इस धरती को नमन करता हूं, जिसने 1857 के महान स्वतंत्रता सेनानी वीर कुंवर सिंह जैसे अमर बलिदानी को जन्म दिया. उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए मुझे यह अनुभव हुआ कि स्वतंत्रता, मूल्य और कर्तव्य ये केवल शब्द नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक चेतना के आधार हैं. आज आप सभी के चेहरों पर जो उत्साह, आत्मविश्वास और ऊर्जा है, वही भारत का भविष्य है. जिस प्रकार से आप सभी ने कठिन परिश्रम कर गोल्ड मेडल और प्री-पीएचडी सर्टिफिकेट हासिल किया है, वह केवल आपकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि आपके परिवार, आपके शिक्षकों और पूरे समाज की उपलब्धि है. मैं अक्सर कहता हूं कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं है, शिक्षा का उद्देश्य है मनुष्य को मनुष्य बनाना, विचारों को विस्तृत करना और समाज को बेहतर बनाना. आज के इस परिवर्तनशील दौर में आपको नयी चुनौतियां मिलेंगी, परंतु अवसर भी अनगिनत होंगे. आप जिस भी क्षेत्र में जाएं, अपने भीतर नैतिकता, संवेदनशीलता और अनुशासन को बनाये रखें. भारत आज विश्व के अग्रणी राष्ट्रों में तेजी से उभर रहा है. इस विकास यात्रा में आपकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी. मैं चाहता हूं कि वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के ये छात्र-छात्राएं न केवल नौकरी पाने वाले बनें, बल्कि नौकरी देने वाले भी बनें. नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता को अपना हथियार बनाएं. मैं विश्वविद्यालय प्रशासन, कुलपति प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार चतुर्वेदी और सभी शिक्षकों को भी बधाई देता हूं, जिन्होंने छात्रों को एक योग्य, सक्षम और संवेदनशील नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. आज 44 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल और 113 छात्रों को प्री-पीएचडी प्रमाणपत्र प्रदान कर मैं गर्व की अनुभूति कर रहा हूं. आप सभी को मेरा आशीर्वाद और शुभकामनाएं. आपकी मेहनत रंग लाये, आपके सपने पूरे हों और आप इस देश व समाज को नयी दिशा दें.

समारोह में इनकी रही मौजूदगी :

समारोह में कुलपति प्रो शैलेंद्र कुमार चतुर्वेदी, संदेश विधायक राधाचरण शाह, अगिआंव विधायक महेश पासवान, बक्सर विधायक आनंद मिश्रा, रोहतास विधायक, राजद के विधान परिषद सदस्य अशोक मिश्रा, सीनेट सदस्य संतोष तिवारी, पद्मश्री डॉ भीम सिंह भावेश के अलावे प्राध्यापकगण, परीक्षा नियंत्रक डॉ अनवर आलम विभिन्न विभागों के डीन, अधिकारी, अतिथि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. समारोह पूरे उत्साह और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ. मंच संचालन विजय कुमावत और फौजिया रहमान ने किया.

विज्ञापन
DEVENDRA DUBEY

लेखक के बारे में

By DEVENDRA DUBEY

DEVENDRA DUBEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन