ePaper

चांदी से आ रहे बालू लदे ट्रक कोईलवर में बन रहे परेशानी के सबब

Updated at : 18 Feb 2026 6:25 PM (IST)
विज्ञापन
चांदी से आ रहे बालू लदे ट्रक कोईलवर में बन रहे परेशानी के सबब

बहियारा हाता घाट से नो एंट्री में आ रहे ट्रकों से हादसे की आशंका

विज्ञापन

कोईलवर.

चांदी-कोईलवर पथ पर चांदी की ओर से भारी वाहनों के आने पर रोक के बावजूद प्रतिदिन सैकड़ों बालू लदे ट्रक कोईलवर की ओर आ रहे हैं. चांदी-कोईलवर पथ पर बेखौफ दौड़ रहे इन बालू लदे ट्रकों से आवागमन पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है. इनकी वजह से आये दिन बहियारा से कोईलवर तक जाम की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है. बेखौफ दौड़ रहे इन ट्रकों से हादसों की आशंका भी बढ़ गयी है.

वनवे सड़क पर टूवे ट्रैफिक, जाम से हो रही परेशानी

सरकारी आदेशानुसार बबुरा की ओर से चांदी संदेश की ओर बालू के लिए जाने वाले खाले ट्रकों को वाया झलकुनगर-कोईलवर-धनडीहा-बहियारा-चांदी-संदेश जाना है. जबकि उधर से बालू लोड कर के वापस आने वाले ट्रकों को चांदी-भदवर-सकडडी-मनभावन मोड़ के रास्ते बबुरा की ओर जाना है, लेकिन चांदी थाना क्षेत्र के बहियारा स्थित सोन नदी बालू घाट से बालू लेकर लौटने वाले ट्रक अपने निर्धारित रूट से न जाकर वनवे सड़क से ही बहियारा-धनडीहा-कोईलवर होते हुए बबुरा की ओर जा रहे हैं. हालांकि इस सड़क पर चांदी-संदेश की ओर जाने वाले खाले ट्रकों की कतार एक लेन में पूरे दिन लगी रहती है. बावजूद इसके दूसरी ओर से बालू लदे ट्रकों के परिचालन से पूरी सड़क पैक हो जाती है और जाम की स्थिति बन जाती है. चांदी-कोईलवर सड़क पर बहियारा, धनडीहा, कोईलवर स्टेशन समेत कई ऐसे स्पॉट हैं, जहां सड़क बेहद संकीर्ण है. ऐसे में दोनों तरफ से गाड़ियों की आवाजाही से जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है. सबसे ज्यादा समस्या कोईलवर रेलवे स्टेशन के पास उत्पन्न हो जाती है, जब स्टेशन पर कोई गाड़ी रुकी हो और यात्रियों की भीड़ हो. बुधवार की दोपहर तीन बजे के करीब भी ऐसी समस्या उत्पन्न हो गयी, जब स्टेशन के पास दोनों तरफ से आने जाने वाली बालू लदी ट्रकों की वजह से जाम की समस्या उत्पन्न हो गयी और इसकी वजह से कई लोगों की ट्रेन छूट गयीं.

कई जगहों पर सड़क संकीर्ण, हादसे की आशंका

चांदी-कोईलवर पथ पर बहियारा, धनडीहा, नगर पंचायत कोईलवर समेत कई जगहों पर यह सड़क काफी संकीर्ण है. ऐसे में दोनों तरफ से हो रहे परिचालन की वजह से हादसे की आशंका बनी रहती है. बहियारा में तो मुख्य सड़क इतनी पतली है कि एक लाइन में ट्रकों के खड़े हो जाने से बस इतनी ही जगह बचती है कि कार बाइक आसानी से जा सके, लेकिन वहां भी दोनों तरफ से ट्रकों को घुसा देने से घंटों जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. यही स्थिति धनडीहा और कोईलवर में भी है, जहां इस समस्या की वजह से किसी हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता.

घाट संचालकों की मनमानी भी बन रही परेशानी का सबब

कोईलवर-चांदी पथ पर चांदी थाना क्षेत्र के बहियारा हाता से होकर चलने वाले बालू घाट के संचालकों की मनमानी भी परेशानी का सबब बन रही है. कोईलवर की ओर से चांदी की ओर एक लेन से जाने वाली बालू वाली खाली ट्रकों को रोककर वे अपने घाट पर चलने का दबाव बनाते है. जैसे ही ट्रक चालकों की सहमति बनती है घाट के कर्मी उन ट्रकों को लेन से निकालकर ओवरटेक करते हुए अपने घाट पर ले जाते है. ऐसी आपाधापी जाम और हादसे दोनो को निमंत्रण दे रही है.

विज्ञापन
DEVENDRA DUBEY

लेखक के बारे में

By DEVENDRA DUBEY

DEVENDRA DUBEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन