भोजपुर : पानी भरे गड्ढे में डूबने से 4 साल के मासूम की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सांकेतिक तस्वीर
भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खेलते हुए एक 4 वर्षीय मासूम की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई. इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है.
भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र के केशवा गांव में शनिवार की शाम पानी भरे गड्ढे में डूबने से घर के बाहर खेल रहा एक मासूम बच्चे की मौत हो गई.
घटना को लेकर गांव के आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मची रही. जानकारी के अनुसार मृत बच्चा पीरो थाना क्षेत्र के केशवा गांव निवासी फिरोज मंसूरी का 4 वर्षीय पुत्र आरिफ मंसूरी है.
बगीचे में खेलने के दौरान पैर फिसलने से हादसा
इधर, मृत बच्चे के परिजन मो. इम्तेयाज अंसारी ने बताया कि वह घर से कुछ दूरी पर स्थित बगीचे में बच्चों के साथ खेल रहा था.
वहां पर पानी भरा गड्ढा था. खेलने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पानी भरे गड्ढे में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई. काफी देर बीत जाने के बाद जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजन खोजबीन करने निकले.
परिजनों द्वारा खोजबीन और पुलिस कार्रवाई
तभी एक स्थानीय व्यक्ति ने उन्हें बताया कि आपका बच्चा बगीचे में खेल रहा था. जिसके बाद परिजन बगीचे में स्थित पानी भरे गड्ढे के किनारे पहुंचे और खोजबीन के क्रम में परिजन पानी भरे गड्ढे में घुसकर उसे खोजने लगे.
कुछ देर खोजने के बाद उसके शव को पानी से बाहर निकाला गया. इसके पश्चात परिजनों ने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी, तब पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया.
परिवार की स्थिति और कोहराम
बताया जाता है कि मृत बच्चा अपने दो भाई व दो बहन में छोटा था. उसके परिवार में मां, दो बहन एवं एक भाई है. घटना के बाद मृत बच्चे के घर में कोहराम मच गया. उसकी मां एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










