आरा जंक्शन पर टिकट जांच कर्मियों के साथ दिखेगा बॉडी वॉर्न कैमरा, यात्रियों से विवाद पर रहेगी नजर
बॉडी वॉर्न कैमरा की सांकेतिक तस्वीर
Arrah Junction Body Worn Camera : दानापुर मंडल ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा बढ़ाने के लिए बॉडी वॉर्न कैमरे की शुरुआत की है. यह पहल टिकट जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और विवादों को कम करने में मदद करेगी. आरा जंक्शन सहित मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी इसे लागू करने की तैयारी है.
Arrah Junction Body Worn Camera : यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और टिकट जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में दानापुर मंडल ने नई पहल शुरू की है. पायलट प्रोजेक्ट के तहत पटना जंक्शन पर टिकट जांच एवं यात्री सेवा से जुड़े कर्मचारियों को बॉडी वॉर्न कैमरे उपलब्ध कराए गए हैं.
इसके बाद अब इस व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से दानापुर मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों तक विस्तार देने की तैयारी है. ऐसे में आने वाले दिनों में आरा जंक्शन पर भी टिकट जांच कर्मियों के साथ बॉडी वॉर्न कैमरा नजर आ सकता है.
वीडियो रिकॉर्डिंग और विवादों की स्थिति में मदद
रेलवे के अनुसार, ड्यूटी के दौरान बॉडी कैमरे से महत्वपूर्ण घटनाओं की वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध होगी. इससे टिकट जांच, जुर्माना वसूली अथवा यात्रियों से बातचीत के दौरान होने वाले विवादों की स्थिति में वास्तविक घटनाक्रम को समझने में मदद मिलेगी.
अधिकारियों का बयान और पारदर्शिता बढ़ाने के प्रयास
वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ ने बताया कि बॉडी वॉर्न कैमरा विवादित परिस्थितियों में निष्पक्ष तथ्य प्रस्तुत करने में सहायक होगा.
इससे यात्रियों और कर्मचारियों के बीच विवाद, दुर्व्यवहार अथवा शिकायत की स्थिति में घटनाक्रम की समीक्षा की जा सकेगी. साथ ही कर्मचारियों में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना बढ़ेगी तथा कार्यप्रणाली में जवाबदेही भी आएगी.
यात्रियों और कर्मचारियों के बीच विश्वास और जवाबदेही
रेलवे का मानना है कि बॉडी कैमरा केवल निगरानी का उपकरण नहीं, बल्कि पारदर्शिता, जवाबदेही और विश्वास बढ़ाने का माध्यम है.
Also Read : नालंदा : 9 से 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान, स्कूल-कॉलेजों से सरकारी कार्यालयों तक होंगे कार्यक्रम
आरा जंक्शन समेत मंडल के अन्य स्टेशनों पर इसके लागू होने से टिकट जांच प्रक्रिया में गलतफहमी और अनावश्यक विवादों में कमी आने की उम्मीद है. इससे यात्रियों के साथ निर्धारित प्रक्रिया और सम्मानजनक व्यवहार को भी बढ़ावा मिलेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










