भोजपुर : छेर नदी के डायवर्सन पर तेज बहाव, शाहपुर-बनाही स्टेशन रोड तीसरे दिन भी बंद; दर्जनों गांव प्रभावित
सांकेतिक तस्वीर
Chher River Diversion : छेर नदी के उफान पर आने से शाहपुर-बनाही स्टेशन रोड पर बना डायवर्सन तीसरे दिन भी बंद है, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया है. नदी के तेज बहाव के कारण स्थिति खतरनाक बनी हुई है. इस बंद की वजह से दर्जनों गांवों का संपर्क टूट गया है, जिसका सीधा असर छात्र-छात्राओं की पढ़ाई और स्थानीय कारोबार पर पड़ रहा है.
Chher River Diversion : शाहपुर-बनाही स्टेशन रोड पर रुद्रनगर गांव के समीप छेर नदी का पानी डायवर्सन के ऊपर से बहने के कारण लगातार तीसरे दिन भी यातायात परिचालन पूरी तरह ठप रहा. नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि और डायवर्सन के ऊपर तेज धार से पानी बहने के कारण स्थिति और खतरनाक हो गई है.
ग्रामीण कार्य विभाग ने डायवर्सन को पार करना जानलेवा बताते हुए मौके पर चेतावनी बोर्ड लगा दिया है. प्रशासन की ओर से लगातार लोगों से डायवर्सन पार नहीं करने की अपील की जा रही है. इसके बावजूद कुछ लोग जान जोखिम में डालकर पानी की तेज धार के बीच से आवागमन करने का प्रयास कर रहे हैं.
प्रशासन द्वारा सुरक्षा के मद्देनजर लगाए गए बैरिकेडिंग को भी कुछ लोग जबरन हटा दे रहे हैं. इस दौरान अधिकारियों और स्थानीय लोगों के बीच तू-तू, मैं-मैं की स्थिति भी उत्पन्न हो जा रही है.
प्रशासनिक स्तर पर बार-बार समझाने के बावजूद लोग खतरे को नजरअंदाज कर रहे हैं. छेर नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के कारण डायवर्सन पर पानी का दबाव बढ़ता जा रहा है.
तेज बहाव के बीच डायवर्सन से गुजरना कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है. पूर्व में भी जलस्तर बढ़ने के साथ इस मार्ग पर आवागमन बाधित होता रहा है.
छात्र-छात्राओं की पढ़ाई और स्कूल आवाजाही प्रभावित
शाहपुर-बनाही स्टेशन रोड क्षेत्र के लिए यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है, जिसके बंद होने से दर्जनों गांवों के लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है. सड़क संपर्क टूटने का सबसे अधिक असर छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है.
छेर नदी के दक्षिणी हिस्से में बसे दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी शाहपुर के विभिन्न विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में पढ़ने आते हैं. डायवर्सन पर पानी चढ़ने के कारण इन विद्यार्थियों की आवाजाही बाधित हो गई है. कई छात्र स्कूल-कॉलेज नहीं पहुंच पा रहे हैं. इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है.
शाहपुर बाजार के कारोबार पर असर और ग्रामीणों की मांग
आवागमन ठप होने का सीधा असर शाहपुर बाजार के कारोबार पर भी देखने को मिल रहा है. छेर नदी के दक्षिण में बसे दर्जनभर गांवों के हजारों लोग सामान्य दिनों में खरीदारी के लिए शाहपुर बाजार पहुंचते थे.
सड़क बंद होने के कारण अब बड़ी संख्या में ग्राहक नजदीकी दूसरे बाजारों की ओर रुख कर रहे हैं. इससे शाहपुर के दुकानदारों के कारोबार में भी कमी आई है. ग्रामीणों का कहना है कि डायवर्सन पर पानी चढ़ने के कारण हर वर्ष बरसात के दिनों में यही स्थिति उत्पन्न होती है.
Also Read : गया जी : एक ही परिवार के यहां चौथी बार चोरी, लाखों के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर गए चोर
सड़क संपर्क बाधित होने से ग्रामीणों को पढ़ाई, इलाज, बाजार और रोजमर्रा के जरूरी कार्यों के लिए परेशानी उठानी पड़ती है. लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की दिशा में पहल करने की मांग की है.
प्रशासनिक चेतावनी और अधिकारियों का बयान
ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से लगाए गए चेतावनी बोर्ड में डायवर्सन पार करना खतरनाक बताया गया है. प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर आवागमन रोकने का प्रयास किया है, लेकिन कुछ लोग इसे हटाकर जबरन रास्ता पार कर रहे हैं.
ग्रामीण कार्य विभाग के सहायक अभियंता अभिषेक कुमार का कहना है कि पानी की तेज धार को देखते हुए किसी भी व्यक्ति को डायवर्सन पार करने की अनुमति नहीं दी जा सकती. लोगों से अपील की गई है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को देखते हुए खतरा मोल न लें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










