बिहार विधान परिषद चुनाव 2026: 6084 मतदाता तय करेंगे पांच प्रत्याशियों का भविष्य

Published by :Ragini Shamra
Published at :11 May 2026 5:47 PM (IST)
विज्ञापन
MLC Chunav

बिहार विधान परिषद की तस्वीर

Bihar News: भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के बिहार विधान परिषद उप चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान होगा. चुनाव मैदान में पांच प्रत्याशी हैं. दोनों जिलों के कुल 6084 मतदाता बैलेट बॉक्स में उम्मीदवारों की किस्मत बंद करेंगे.

विज्ञापन

Bihar News:(नरेंद्र प्रसाद सिंह) बिहार विधान परिषद उप चुनाव को लेकर भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. मंगलवार 12 मई को मतदान कराया जाएगा. चुनाव में पांच प्रत्याशी मैदान में हैं. इनमें एनडीए समर्थित जदयू उम्मीदवार कन्हैया प्रसाद और राजद गठबंधन के उम्मीदवार सोनू कुमार राय मुख्य मुकाबले में हैं. इनके अलावा तीन निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं.

6084 मतदाता करेंगे मतदान

इस चुनाव में भोजपुर और बक्सर जिले के कुल 6084 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें 2832 पुरुष और 3252 महिला मतदाता शामिल हैं. भोजपुर जिले में कुल 3779 मतदाता हैं, जबकि बक्सर जिले में 2305 मतदाता वोट डालेंगे.

25 मतदान केंद्र बनाए गए

चुनाव को लेकर कुल 25 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. भोजपुर जिले में 14 और बक्सर जिले में 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. सभी मतदान केंद्र संबंधित प्रखंड कार्यालयों में स्थित हैं. मतदान सुबह 8 बजे से शुरू होगा और शाम 4 बजे तक चलेगा.

बैलेट बॉक्स लेकर रवाना हुए मतदान कर्मी

सोमवार दोपहर के बाद मतदान कर्मी बैलेट बॉक्स और मत पत्र लेकर अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सभी वाहनों के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रशासन लगातार पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहा है.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. सभी मतदान केंद्रों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है.वहीं बैलेट बॉक्स और मत पत्र ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है.

14 मई को होगी मतगणना

मतों की गिनती 14 मई को होगी. मतगणना केंद्र और वज्रगृह राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय, आरा में बनाया गया है. प्रशासन की ओर से आदर्श आचार संहिता के पालन के लिए उड़नदस्ता दल, वीडियो निगरानी दल और वीडियो अवलोकन दल का गठन भी किया गया है.

चुनाव मैदान में ये प्रत्याशी

चुनाव में जदयू के कन्हैया प्रसाद, राजद के सोनू कुमार राय के अलावा निर्दलीय उम्मीदवार कन्हैया प्रसाद, निरंजन कुमार राय और मनोज कुमार उपाध्याय मैदान में हैं. चुनावी मुकाबले को लेकर दोनों जिलों में राजनीतिक सरगर्मी तेज है.

Also Read: वैशाली में अखंड अष्टयाम यज्ञ को लेकर निकली भव्य कलश शोभायात्रा, 501 श्रद्धालु हुए शामिल

विज्ञापन
Ragini Shamra

लेखक के बारे में

By Ragini Shamra

Ragini Shamra is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन