तरारी में मां ने नशा करने से रोका तो युवक ने पेड़ से लटककर दे दी जान, परिवार में कोहराम
मृतक का फाइल फोटो
Arrah News: भोजपुर जिले के तरारी प्रखंड अंतर्गत सिकरहटा कला गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहाँ नशा करने से मना करने पर मां और बेटे के बीच हुई कहासुनी के बाद 19 वर्षीय युवक ने बुधवार की रात पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली.
Arrah News: (नारायण त्रिपाठी की रिपोर्ट) भोजपुर जिले के तरारी प्रखण्ड क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है. यहाँ के सिकरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकरहटा कला गांव में नशा करने से रोकने पर एक 19 वर्षीय अविवाहित युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. मृतक की पहचान सिकरहटा कला गांव निवासी गुड्डू राम के पुत्र राजा कुमार (19 वर्ष) के रूप में की गई है.
घटना की जानकारी गुरुवार की सुबह तब हुई जब ग्रामीणों ने सिकरहटा गांव के समीप बनास नदी पुल के पास एक पेड़ से राजा का शव लटका हुआ देखा. देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और मृतक के परिजनों को दी.
नशा कर घर लौटने पर मां से हुई थी नोकझोंक, गमछे को बनाया फंदा
पारिवारिक और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक राजा कुमार पेशे से मजदूरी और ड्राइविंग का काम करता था, लेकिन वह नशे का आदी था. वह जो कुछ भी कमाता था, उसे नशे में उड़ा देता था. बुधवार की रात भी वह नशा करके घर लौटा था, जिसे देखकर उसकी मां रीता देवी ने उसे फटकार लगाई और नशा न करने की हिदायत दी.
इसी बात को लेकर मां-बेटे के बीच तीखी नोकझोंक और विवाद हो गया. मां से झगड़ने के बाद युवक गुस्से में घर से निकल गया और रात के अंधेरे में गांव के समीप बनास नदी पुल के पास पहुंचकर अपने गले में गमछे का फंदा बनाकर पेड़ से लटक गया.
गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, रो-रोकर बुरा हाल
इस आत्मघाती कदम की खबर मिलते ही मृतक की मां रीता देवी, बड़ा भाई चंदन कुमार और तीनों बहनें दहाड़ मारकर रोते हुए घटनास्थल पर पहुंचीं. परिजनों के चीत्कार और क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया. बताया जाता है कि मृतक के पिता बाहर रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं और मां गांव में ही मजदूरी कर परिवार का हाथ बंटाती है. बड़ा भाई चंदन भी शादीशुदा है और मजदूरी करता है. पूरा परिवार बेहद गरीबी में गुजर-बसर करता है, ऐसे में कमाऊ बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का रहस्य
घटना की सूचना मिलते ही सिकरहटा थाना पुलिस दल-बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया और कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया.
हालांकि, गांव में इस मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी व्याप्त हैं और परिवार के सदस्य अभी मीडिया के सामने कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला मां से विवाद के बाद अवसाद में आकर आत्महत्या का प्रतीत होता है, फिर भी पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है. असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिसिया तफ्तीश पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.
Also Read: बिहार के इन 7 जिलों में होगा स्टोन माइनिंग, जल्द शुरू होगी ई-नीलामी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









