आरा: असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर पति पर दहेज के लिए दबाव बनाने का आरोप, मामला दर्ज

Updated:
विज्ञापन
arrah news

सांकेतिक तस्वीर

Arrah News: भोजपुर के बिहिया में एक नवविवाहिता ने पति समेत पांच लोगों पर 80 लाख रुपये दहेज मांगने, मारपीट करने और ब्लेड से हमला कर घायल करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

Arrah News: (शैलेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट) बिहिया थाना क्षेत्र के नगर स्थित राजा बाजार से दहेज उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है. एक नवविवाहिता ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज की मांग, मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना तथा जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

शादी के कुछ दिनों बाद शुरू हुई दहेज की मांग

धोबहां थाना क्षेत्र के सलेमपुर निवासी मनोज कुमार दूबे की पुत्री अनन्या कुमारी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उसकी शादी 19 फरवरी 2026 को राजा बाजार निवासी अशोक कुमार मिश्रा के पुत्र अभिषेक कुमार के साथ हुई थी. पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा मायके से 80 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जाने लगा. मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया गया.

पति पर फोन से दबाव बनाने का आरोप

प्राथमिकी के अनुसार, पति अभिषेक कुमार जमुई स्थित इंडियन बैंक में असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं. आरोप है कि वह फोन के माध्यम से परिजनों को विवाहिता पर दहेज के लिए दबाव बनाने के निर्देश देते थे. पीड़िता ने सास, ससुर और दोनों ननदों पर भी दहेज की मांग को लेकर दुर्व्यवहार करने तथा भोजन तक नहीं देने का आरोप लगाया है.

ब्लेड से हमला कर घायल करने का आरोप

आवेदन में कहा गया है कि 9 मई को पति ने मारपीट करते हुए उसके हाथ पर ब्लेड से हमला कर घायल कर दिया. बाद में मायके वालों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ, लेकिन प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा. पीड़िता का आरोप है कि बाद में उसे जमुई ले जाया गया, जहां भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया. इसके बाद पति उसे अकेला छोड़कर चला गया. सूचना मिलने पर उसका भाई वहां पहुंचा और उसे वापस घर लेकर आया.

पांच लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला

बिहिया थाना पुलिस ने विवाहिता के आवेदन पर पति, सास, ससुर और दो ननदों के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: पटना में सेटेलाइट टाउनशिप का विरोध: भूमि रजिस्ट्री शुरू करने और टाउनशिप योजना वापस लेने की मांग तेज

विज्ञापन
निखिल अनुराग

लेखक के बारे में

By निखिल अनुराग

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन