आरा में जमीन विवाद में फायरिंग, किशोरी के सिर को छूकर निकली गोली; दोनों पक्षों के 40 लोगों पर केस

भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते दो पक्षों में फायरिंग और मारपीट की घटना हुई है. इस मामले में दोनों पक्षों के 40 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है.
भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र के हली टोला गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और फायरिंग के मामले में प्राथमिकी दर्ज करा ली गई है. इस घटना में दोनों पक्षों के कुल 40 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
एक पक्ष के सुरेंद्र सिंह की ओर से 11, जबकि दूसरे पक्ष की शिकम देवी के बयान पर 29 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर अंधाधुंध फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है. सभी आरोपित हली टोला गांव के ही रहने वाले हैं.
पहले पक्ष का आरोप: धान की जुताई के दौरान की गई फायरिंग
सुरेंद्र सिंह की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा गया है कि रविवार की सुबह वह धान की रोपनी के लिए ट्रैक्टर से अपने खेत की जुताई करवा रहे थे.
तभी राहुल सिंह और राजकुमार यादव सहित कुल 11 नामजद आरोपित हथियार के साथ वहां पहुंच गए और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे. जब वे लोग भागकर घर पहुंचे, तो आरोपित वहां भी आ धमके और फिर से फायरिंग शुरू कर दी.
इस दौरान उनकी बेटी शीला कुमारी के सिर को छूते हुए एक गोली निकल गई. सुरेंद्र सिंह की ओर से दूसरे पक्ष पर 15 राउंड से अधिक फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगाया गया है.
दूसरे पक्ष का आरोप: दरवाजे पर धमकाकर मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट
इधर, दूसरे पक्ष के राजकुमार यादव की पत्नी शिकम देवी की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे में कहा गया है कि महेश यादव और सुरेंद्र यादव सहित 29 आरोपित राइफल, बंदूक एवं धारदार हथियार लेकर उनके दरवाजे पर आ धमके.
आरोपितों ने वहां पहुंचकर जमकर मारपीट और फायरिंग की. उस दौरान घर की खिड़की-दरवाजे तोड़ दिए गए तथा घर में रखे एक लाख रुपए भी छीन लिए गए. शिकम देवी की ओर से दूसरे पक्ष के लोगों पर लाइसेंसी हथियारों से फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गहन छानबीन और आरोपितों की धरपकड़ में जुटी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










