आग से दो घर जले, चार बकरियां जिंदा जलीं, तीन लाख का नुकसान
अग्निपीड़ितों ने की मुआवजा देने की मांग
भरगामा. प्रखंड क्षेत्र के खुटहा बैजनाथपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 01 में रविवार की देर संध्या अचानक आग लगने से दो परिवारों का दो घर जल गये. इस अग्निकांड में लगभग तीन लाख रुपये मूल्य की संपत्ति नष्ट हो गयी, जबकि चार बकरियां जिंदा जलकर मर गयीं. जानकारी अनुसार आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया व दोनों परिवारों के घरों को अपनी चपेट में ले लिया. आग की लपटें उठता देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे व आग बुझाने का प्रयास शुरू किया.
दमकल में आयी खराबी के कारण ग्रामीणों में आक्रोश
पैक्स अध्यक्ष जयप्रकाश मेहता व युवा नेता मिथिलेश मेहता ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल भरगामा प्रशासन व अग्निशमन विभाग को दी गयी. सूचना मिलने पर अग्निशमन वाहन घटनास्थल पर पहुंचा, लेकिन वाहन का मशीन स्टार्ट नहीं होने के कारण दमकल कर्मियों को ग्रामीणों की नाराजगी का सामना करना पड़ा. इसके बाद स्थानीय लोगों ने घंटों अथक प्रयास कर किसी तरह आग पर काबू पाया. घर में रखे घरेलू सामान, अनाज व अन्य आवश्यक वस्तुएं जलकर नष्ट हो गई. घटना के बाद दोनों परिवारों के समक्ष रहने व खाने-पीने की समस्या उत्पन्न हो गयी है. पैक्स अध्यक्ष जयप्रकाश मेहता व युवा नेता मिथिलेश मेहता ने पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई. साथ ही प्रशासन से अग्निकांड की जांच कर पीड़ित परिवारों को शीघ्र उचित मुआवजा देने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मृगेंद्रमणि सिंह
मृगेंद्रमणि सिंह प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. प्रभात खबर के अररिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










