जनगणना कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
Published by : MRIGENDRA MANI SINGH Updated At : 09 May 2026 6:18 PM
समय सीमा के अंदर पूरा करें काम: बीडीओ
भरगामा. जनगणना कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने को लेकर भरगामा प्रखंड प्रशासन सक्रिय हो गया है. बीडीओ शशिभूषण सुमन ने शनिवार को विभिन्न पंचायतों का औचक निरीक्षण कर जनगणना कार्यों की प्रगति का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित कर्मियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया. निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने घर-घर चल रहे सर्वे कार्य की जानकारी ली व कर्मियों से जनगणना प्रपत्रों की जांच की. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि सरकार की विकास योजनाओं की आधारशिला है. ऐसे में हर परिवार की सही व पूर्ण जानकारी दर्ज करना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परिवार की जानकारी छूटनी नहीं चाहिए. सर्वे के दौरान नाम, आयु, शिक्षा, रोजगार व अन्य विवरणों को पूरी सावधानी के साथ दर्ज किया जाये, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की त्रुटि सामने नहीं आये. निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई. उन्होंने संबंधित कर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










