भीषण गर्मी में भी नहीं थम रहा मजदूरों का पलायन, स्टेशन पर उमड़ रही भीड़
Published by : Shruti Kumari Updated At : 12 Jun 2026 1:57 PM
नरपतगंज रेलवे स्टेशन पर अमृतसर जाने वाली ट्रेन का इंतजार करते मजदूर और यात्री.
Narpatganj Labour Migration: मजदूरों ने बताया कि उन्हें ट्रेन पकड़ने के लिए 24 घंटे पहले ही स्टेशन पहुंचना पड़ता है. ट्रेन आने से पहले टिकट काउंटर पर लंबी कतार लग जाती है. टिकट लेने के बाद भी ट्रेन में चढ़ने और बैठने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ता है.
अररिया के नरपतगंज से संजीव कुमार यादव की रिपोर्ट:
Narpatganj Labour Migration: भीषण गर्मी के बावजूद नरपतगंज क्षेत्र से मजदूरों का दूसरे राज्यों की ओर पलायन लगातार जारी है. हर सप्ताह बड़ी संख्या में मजदूर रोजगार की तलाश में पंजाब सहित अन्य राज्यों के लिए रवाना हो रहे हैं. बढ़ती भीड़ के कारण उन्हें टिकट लेने से लेकर ट्रेन में सीट पाने तक काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
जनसाधारण एक्सप्रेस से अमृतसर जाते हैं मजदूर
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र के अधिकांश मजदूर प्रत्येक शुक्रवार को जनसाधारण एक्सप्रेस से अमृतसर के लिए रवाना होते हैं. मजदूरों की संख्या अधिक होने के कारण रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ उमड़ पड़ती है.
टिकट लेने और ट्रेन में चढ़ने के लिए करनी पड़ती है मशक्कत
मजदूरों ने बताया कि उन्हें ट्रेन पकड़ने के लिए 24 घंटे पहले ही स्टेशन पहुंचना पड़ता है. ट्रेन आने से पहले टिकट काउंटर पर लंबी कतार लग जाती है. टिकट लेने के बाद भी ट्रेन में चढ़ने और बैठने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ता है.
हर सप्ताह छूट जाती है सैकड़ों मजदूरों की ट्रेन
स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़ इतनी अधिक होती है कि प्रत्येक शुक्रवार सैकड़ों मजदूर ट्रेन में जगह नहीं मिलने के कारण यात्रा नहीं कर पाते हैं. इससे उन्हें अतिरिक्त आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ती है.
पलायन पर चिंता, स्थानीय रोजगार की उठी मांग
क्षेत्र के लोगों ने कहा कि सप्ताह में दो दिन बड़ी संख्या में मजदूरों का दूसरे राज्यों की ओर पलायन होना चिंता का विषय है. उनका मानना है कि यदि क्षेत्र में उद्योग-धंधों और फैक्ट्रियों की स्थापना हो तो मजदूरों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल सकता है और पलायन पर रोक लग सकती है.
ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग
बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्थानीय लोगों ने अररिया सांसद, विधायक एवं रेल मंत्रालय से नरपतगंज स्टेशन से ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि अतिरिक्त ट्रेन या अतिरिक्त कोच की व्यवस्था होने से मजदूरों और यात्रियों को काफी राहत मिलेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










