भगवान महावीर के जन्मकल्याणक पर निकाली प्रभात फेरी, गूंजते रहे जयकारे
Published by : MRIGENDRA MANI SINGH Updated At : 31 Mar 2026 6:47 PM
सकल जैन समाज ने किया आयोजन
फारबिसगंज. श्रमण भगवान महावीर स्वामी के 2625 वें जन्म कल्याणक महोत्सव मंगलवार को सकल जैन समाज के द्वारा शहर के सिद्ध सागर भवन के परिसर में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. मौके पर आयोजित कार्यक्रम में सकल जैन समाज के अलावा बड़ी संख्या अन्य सामाजिक प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया. मौके पर शहर के तेरापंथ भवन के परिसर से भव्य प्रभात फेरी निकाली गयी. प्रभात फेरी तेरापंथ भवन से निकल कर शहर के पोस्ट ऑफिस चौक, सदर रोड स्टेशन चौक, समता भवन, दादाबाड़ी होते हुए सिद्ध सागर भवन पहुंची, जहां सकल समाज ने प्रभु महावीर को अपनी भावांजलि दी. प्रभात फेरी में शामिल सभी लोग कतारबद्ध होकर वीर भगवान महावीर स्वामी के नारे लगाते हुए बड़े ही हर्षोल्लास के साथ आगे बढ़ रहे थे. इस प्रभात फेरी में श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथ समाज व साधुमार्गी समता संघ के द्वारा भगवान महावीर पर आधारित झांकियां निकाली गयी. इसमें भगवान महावीर उनके गणधर, चंदनबाला राजा श्रेणिक, रानी चेलना साधु, साध्वी, श्रावक, श्राविका आदि को बड़ी ही सुंदरता के साथ दर्शाया गया, जो आकर्षण का केंद्र बना रहा. इस प्रभात फेरी में त्रिशला नंदन वीर की – जय बोलो महावीर की, महावीर ने क्या सिखलाया – समता धर्म, समता धर्म के लगाये जा रहे नारे से शहर गुंजायमान रहा. मौके पर साधुमार्गी समता संघ ज्ञानशाला के द्वारा भगवान महावीर पर आधारित एक मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया. श्री महावीर जन्म कल्याणक समारोह समिति के संयोजक बछराज राखेचा ने कहा कि हम सभी भगवान महावीर की संतान है और हमें अपनी एकता और अखंडता को बनाये रखना है.
महावीर जन्म कल्याणक पर निबंध प्रतियोगिता
फारबिसगंज. महावीर जन्म कल्याणक समारोह समिति की ओर से एक आलेख निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गयी थी. इसका परिणाम कार्यक्रम में घोषित किया गया. इस निबंध प्रतियोगिता में विजेता रहे सभी प्रतिभागियों के उत्साह वर्धन के लिए समिति के द्वारा पुरस्कार दे कर सम्मानित किया गया. इस निबंध प्रतियोगिता के निर्णायक मांगन मिश्र रहे. कार्यक्रम का कुशल संचालन कल्पना सेठिया के द्वारा किया गया. मौके पर मुख्य पार्षद वीणा देवी, उप पार्षद नूतन भारती, पूर्व मुख्य पार्षद सुनीता जैन, वार्ड पार्षद उमा शंकर उर्फ बुलबुल यादव, मनोज सिंह,अशोक फूलसारिया, गणेश प्रसाद गुप्ता, समाजसेवी वाहिद अंसारी, मूलचंद गोलछा, घनश्याम अग्रवाल, अजातशत्रु अग्रवाल, सुरेंद्र प्रसाद उर्फ ननकी यादव, इं आयुष अग्रवाल, पप्पू धानुका सहित अन्य मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










