Bihar News: अररिया में खनन और जल संसाधन विभाग की टीम पर हमला, इंस्पेक्टर समेत कई जवान घायल
Published by : Paritosh Shahi Updated At : 17 Apr 2025 4:00 PM
अररिया में पुलिस पर हमला
Bihar News: अररिया जिला के फारबिसगंज क्षेत्र के रामपुर उत्तर पंचायत से होकर बहने वाली पूर्णिया केनाल की नहर में गुरुवार को मिट्टी के अवैध खनन की सूचना पर खनन विभाग और जल संसाधन विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध खनन कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त कर थाना लाने की कोशिश की, तभी 50 से 70 अज्ञात लोगों की भीड़ ने टीम पर जानलेवा हमला कर दिया और जब्त किए गए ट्रैक्टर को जबरन छुड़ाकर ले भागे.
Bihar News: अररिया में हुए इस हमले में खनन इंस्पेक्टर मो. अरमान के साथ होमगार्ड के जवान सनोज कुमार मंडल, बरुण कुमार सरदार, संजय कुमार विश्वास और उपेंद्र यादव घायल हो गए. सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया भेजा गया. टीम में शामिल सिंचाई प्रमंडल बथनाहा के सहायक अभियंता संजीव कुमार और कनीय अभियंता सुनील कुमार सहित अन्य पदाधिकारी भी घटना के बाद आदर्श थाना फारबिसगंज पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी.
खनन इंस्पेक्टर ने हमला पर क्या कहा
खनन इंस्पेक्टर मो. अरमान ने बताया कि बथनाहा सिंचाई प्रमंडल द्वारा लगातार सूचना दी जा रही थी कि रामपुर उत्तर पंचायत के पास 12 आरडी नहर से मिट्टी का अवैध खनन कर उसकी खरीद-बिक्री की जा रही है. इस सूचना के आधार पर संयुक्त छापेमारी की योजना बनाई गई थी. छापेमारी के दौरान एक ट्रैक्टर जब्त किया गया, लेकिन ट्रैक्टर चालक फरार हो गया. जब टीम ट्रैक्टर को थाना ला रही थी, तभी भीड़ ने हमला कर दिया. घायल होमगार्ड के जवानों का इलाज अररिया सदर अस्पताल में चल रहा है. इस घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है.
थानाध्यक्ष क्या बोले
इस संबंध में आदर्श थाना फारबिसगंज के थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि छापेमारी टीम पर हमले की सूचना मिली है. खनन विभाग की ओर से आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: पटना DM ने सभी होटलों के जांच का दिया निर्देश, फिर सूची होगी तैयार, जानें मामला
प्रशासन सख्त, जल्द होगी कार्रवाई
राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यह घटना कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है. दोषियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया जायेगा. अवैध खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: बिहार के 25 जिलों में ऑरेंज और 13 जिलों में येलो अलर्ट, अगले 24 घंटे आंधी-तूफान के साथ होगी बारिश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Paritosh Shahi
परितोष शाही पिछले 4 वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम का हिस्सा हैं. राजनीति, सिनेमा और खेल, विशेषकर क्रिकेट में उनकी गहरी रुचि है. जटिल खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना और बदलते न्यूज माहौल में तेजी से काम करना उनकी विशेषता है. परितोष शाही ने पत्रकारिता की पढ़ाई बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से की. पढ़ाई के दौरान ही पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को देखने, समझने और लोगों तक सही तरीके से पहुंचाने की सोच ने शुरुआत से ही इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. पत्रकारिता में करियर की पहली बड़ी शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान हुई, जब उन्होंने जन की बात के साथ इंटर्नशिप की. इस दौरान बिहार के 26 जिलों में जाकर सर्वे किया. यह अनुभव काफी खास रहा, क्योंकि यहां जमीनी स्तर पर राजनीति, जनता के मुद्दों और चुनावी माहौल को बहुत करीब से समझा. इसी अनुभव ने राजनीतिक समझ को और मजबूत बनाया. इसके बाद राजस्थान पत्रिका में 3 महीने की इंटर्नशिप की. यहां खबर लिखने की असली दुनिया को करीब से जाना. महज एक महीने के अंदर ही रियल टाइम न्यूज लिखने लगे. इस दौरान सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता कितनी जरूरी होती है. राजस्थान पत्रिका ने उनके अंदर एक मजबूत डिजिटल पत्रकार की नींव रखी. पत्रकारिता के सफर में आगे बढ़ते हुए पटना के जनता जंक्शन न्यूज पोर्टल में वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में भी काम किया. यहां कैमरे के सामने बोलना, प्रेजेंटेशन देना और वीडियो कंटेंट की बारीकियां सीखीं. करीब 6 महीने के इस अनुभव ने कैमरा फ्रेंडली बनाया और ऑन-स्क्रीन प्रेजेंस को मजबूत किया. 1 अप्रैल 2023 को राजस्थान पत्रिका को प्रोफेशनल तौर पर ज्वाइन किया. यहां 17 महीने में कई बड़े चुनावी कवरेज में अहम भूमिका निभाई. लोकसभा चुनाव 2024 में नेशनल टीम के साथ जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला. इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्टेट टीम के साथ मिलकर काम किया. इस दौरान चुनावी रणनीति, राजनीतिक घटनाक्रम और बड़े मुद्दों पर काम करने का व्यापक अनुभव मिला. फिलहाल परितोष शाही प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ जुड़े हुए हैं. यहां बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में ब्रेक किया, ग्राउंड से जुड़े मुद्दों पर खबरें लिखीं और वीडियो भी बनाए. बिहार चुनाव के दौरान कई जिलों में गांव- गांव घूम कर लोगों की समस्या को जाना-समझा और उनके मुद्दे को जन प्रतिनिधियों तक पहुंचाया. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और असरदार खबर पहुंचे. पत्रकारिता में लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और भरोसेमंद पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










