जोगबनी में बजरंग दल के संयोजक पर कथित फायरिंग: नेता चौक के पास बाल-बाल बचे नेता

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस. | Prabhat Khabar Network
जोगबनी के नेता चौक पर बजरंग दल के संयोजक संजीव साह पर जानलेवा हमला हुआ. मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने उन पर पिस्तौल से गोली चला दी, हालांकि वे बाल-बाल बच गए. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है.
घटना के बाद से ही स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है. मामले को लेकर बजरंग दल के संयोजक संजीव साह ने जोगबनी थाने में लिखित आवेदन देकर दो युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस मामले की सत्यता जांचने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी कर रही है.
मामूली कहासुनी के बाद युवक ने तान दी पिस्तौल, बाल-बाल बचे संयोजक
पुलिस को दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, बजरंग दल के संयोजक संजीव साह की नेता चौक के पास किसी बात को लेकर दो स्थानीय युवकों से कहासुनी हो गई थी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई. संजीव साह का आरोप है कि इसी बीच एक युवक ने अचानक कमर से पिस्तौल निकाली और जान से मारने की नीयत से उन पर सीधे गोली चला दी. इस जानलेवा हमले में संजीव साह बाल-बाल बच गए और उन्हें किसी प्रकार की शारीरिक क्षति नहीं पहुंची. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए.
साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस, आसपास के लोगों से पूछताछ जारी
दिनदहाड़े रेलवे ढाला जैसे व्यस्त इलाके में फायरिंग की सूचना मिलते ही जोगबनी थाना पुलिस दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के दुकानदारों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर घटना के बारे में जानकारी जुटाई. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है ताकि घटना की सत्यता और आरोपियों के भागने की दिशा का पता लगाया जा सके.
"बजरण दल के नेता द्वारा लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसमें दो युवकों को नामजद आरोपी बनाया गया है. पुलिस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए हर बिंदु पर गहन जांच-पड़ताल कर रही है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है." — महादेव कामत, थानाध्यक्ष, जोगबनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुदीप भारती
सुदीप भारती प्रिंट माध्यम में 12 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिकटी (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










