सिपाही चंदन कुमार के निधन से अररिया पुलिस परिवार में शोक, नम आंखों से दी गई श्रद्धांजलि

Updated:
विज्ञापन

पुलिस केंद्र अररिया में दिवगंत जवान को सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित करते पुलिस अधिकारी | Prabhat Khabar Network

अररिया पुलिस केंद्र में करंट लगने से शहीद हुए सिपाही चंदन कुमार को पुलिस अधिकारियों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई। जानिए क्या था पूरा मामला।

विज्ञापन

अररिया : पुलिस केंद्र अररिया में सोमवार को दिवंगत सिपाही/590 चंदन कुमार को श्रद्धांजलि दी गयी. उनके निधन से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है. पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किये.

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने कहा कि चंदन कुमार कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार जवान थे. उनके असामयिक निधन से पुलिस परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है. उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अररिया पुलिस परिवार इस कठिन समय में उनके परिजनों के साथ खड़ा है.

आंवले का फल तोड़ने के दौरान हुआ था हादसा

जानकारी के अनुसार, आरएस थाना क्षेत्र के हड़ियाबाड़ा पंचायत स्थित पुलिस केंद्र में तैनात जहानाबाद निवासी सिपाही चंदन कुमार कुछ दिन पहले सुबह टहल रहे थे. इसी दौरान वह पुलिस केंद्र के पास स्थित आंवले के पेड़ से फल तोड़ने लगे. पेड़ के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गये.

हादसे के बाद पास स्थित एसएसबी शिविर के एक जवान ने सूझबूझ दिखाते हुए चंदन कुमार को बिजली के संपर्क से अलग किया. इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.


फोटो:- दिवगंत चंदन कुमार (फाइल फोटो) | Prabhat Khabar Network
दिवगंत चंदन कुमार (फाइल फोटो) | Prabhat Khabar Network

पूर्णिया से पटना किया गया था रेफर

प्राथमिक उपचार के बाद चंदन कुमार को पूर्णिया के कसबा स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. पटना में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. पुलिस परिवार की ओर से भी उनके इलाज में हरसंभव सहयोग किया गया.

हादसे के बाद बिजली तारों की सुरक्षा पर सवाल

घटना के बाद पुलिस केंद्र के आसपास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली तारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों और पुलिस अधिकारियों ने पेड़ों से सटकर गुजर रहे तारों को लेकर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि ऐसे स्थानों पर समय रहते सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गयी तो भविष्य में भी हादसे की आशंका बनी रहेगी.


विज्ञापन
राहुल सिंह

लेखक के बारे में

By राहुल सिंह

राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन