फारबिसगंज में जल निकासी की नई योजना की तैयारी, प्रशासन ने शुरू किया स्थल निरीक्षण

Updated:
विज्ञापन

निरीक्षण करते फारबिसगंज एसडीओ व अन्य. | Prabhat Khabar Network

फारबिसगंज में जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए एसडीओ ने वार्डों का पैदल निरीक्षण किया। जल्द ही स्थायी समाधान के लिए नई योजना तैयार की जाएगी।

विज्ञापन

अररिया : फारबिसगंज शहर और किरकिचिया पंचायत में वर्षों से बनी जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रशासन ने पहल तेज कर दी है. अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी के नेतृत्व में नगर परिषद के अधिकारियों और अभियंताओं की टीम ने वार्ड संख्या 22, 23 और 24 समेत विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया.

इस दौरान अधिकारियों ने करीब तीन से चार किलोमीटर तक पैदल भ्रमण कर जल निकासी के संभावित मार्गों का जायजा लिया. टीम ने जलजमाव वाले स्थानों, पानी के प्राकृतिक बहाव और निकासी की संभावनाओं को बारीकी से देखा. अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर समस्या की वास्तविक स्थिति और उनके सुझाव भी लिये.

स्थानीय लोगों से भी ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान एसडीओ के साथ कार्यपालक पदाधिकारी मयंक कुमार, नगर प्रबंधक शशि आनंद, स्वच्छता पदाधिकारी वंदना भारती, प्रधान सहायक कुंदन सिंह, सहायक अभियंता आसन आनंद, कनीय अभियंता वरुण कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

वार्ड संख्या 22, 23 और 24 के अलावा किरकिचिया पंचायत के ग्रामीण, किसान और स्थानीय लोग लंबे समय से जल निकासी की समुचित व्यवस्था की मांग कर रहे हैं. जलजमाव के कारण बारिश के मौसम में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

प्रतिनिधिमंडल ने एसडीओ से की थी स्थायी समाधान की मांग

किरकिचिया पंचायत के पूर्व मुखिया शमीम अहमद के नेतृत्व में स्थानीय लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीओ से मुलाकात कर जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की थी. इसके बाद प्रशासनिक टीम ने प्रभावित इलाकों का संयुक्त निरीक्षण किया.

अब निरीक्षण के आधार पर जल निकासी की स्थायी योजना तैयार किये जाने की संभावना है. योजना धरातल पर उतरती है तो फारबिसगंज शहर के साथ किरकिचिया पंचायत के लोगों को वर्षों पुरानी जलजमाव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है.


विज्ञापन
विपुल विश्वास

लेखक के बारे में

By विपुल विश्वास

विपुल विश्वास प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिकटी (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन