बिहार के अररिया में गांजा तस्कर को पकड़ने गए दारोगा की मौत, बदमाश को छुड़ाने में हुई धक्का-मुक्की में गयी जान

Updated at : 13 Mar 2025 9:44 AM (IST)
विज्ञापन
araria police news

अस्पताल में पुलिसकर्मी

Bihar News: बिहार के अररिया में एक बदमाश को पकड़ने गए दारोगा की मौत हो गयी. बदमाश को छुड़ाने के लिए उसके समर्थकों ने धक्का-मुक्की की जिसमें दारोगा की मौत गिरने से हो गयी.

विज्ञापन

Bihar News: अररिया जिले में एक पुलिस पदाधिकारी की संदिग्ध हालत में मौत से सनसनी फैली हुई है. छापेमारी करने गए फुलकाहा थाना में तैनात ASI राजीव रंजन मल की मौत हो गयी. एक कुख्यात गांजा तस्कर को पकड़ने गयी पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की गयी जिसमें एएसआइ नीचे गिर गए और उनकी मौत हो गयी.

छापेमारी करने गए, मौत कैसे हुई?

अररिया जिले के फुलकाहा थाना में पदस्थापित एएसआई राजीव रंजन मल की संदेहास्पद मौत हुई है. एएसआई का शव सदर अस्पताल अररिया में पोस्टमार्टम के लिए लाया गया है. सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार एएसआई मुंगेर निवासी राजीव रंजन मल के पिता का नाम अनिल मल बताया जाता है. उनकी ज्वाइनिंग 2007 में हुई थी. बताया जा रहा है कि राजीव रंजन मल फुलकाहा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर में छापामारी करने देर रात को गये थे.

ASLO READ: बिहार के जदयू विधायक गोपाल मंडल पर केस दर्ज, होली मिलन समारोह में अश्लील गाना गाने पर हुई कार्रवाई

मुखिया की बेटी की शादी में पहुंचा था गांजा तस्कर

मिल रही जानकारी के अनुसार, पोसदाहा पंचायत की मुखिया कंचन देवी पति सुभाष यादव की बेटी की शादी हो रही थी. शादी समारोह में गांजा और शराब तस्करों का भी जमावड़ा लगा हुआ था. इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुख्यात गांजा तस्कर अनमोल यादव भी शादी में शामिल हुआ है. जिसके बाद फुलकाहा थानाध्यक्ष दलबल के साथ अनमोल यादव को पकड़ने पहुंचे थे.

धक्का-मुक्की में नीचे गिर गए एसएसआई, मौत

पुलिस ने गांजा तस्कर अनमोल यादव को गिरफ्तार भी कर लिया. लेकिन इस दौरान शादी समारोह में शामिल उसके समर्थकों ने पुलिस पर हमला बोल दिया. पुलिस के कब्जे से अनमोल यादव को छुड़ा लिया गया. इस दौरान धक्का-मुक्की में एएसआइ राजीव मल गिर गए और उनकी हालत बिगड़ गयी. अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

एसपी भी पहुंचे अस्पताल

हालांकि सदर अस्पताल में फुलकाहा पुलिस व अररिया नगर थाना अध्यक्ष के अलावा कोई वरीय पदाधिकारी नहीं दिखे. वहीं कुछ देर बाद एसपी अंजनी कुमार भी सदर अस्पताल पहुंचे. दूसरी तरफ जानकारी मिली कि बेटी का सिंदूरदान होने के बाद मुखिया पति सुभाष यादव समेत आधा दर्जन लोगों को पुलिस ने देर रात ही हिरासत में ले लिया.

एसपी ने मौत को बताया हादसा

एसपी अंजनी कुमार ने कहा कि नरपतगंज निवासी एक अपराधी अनमोल यादव के आने की सूचना पुलिस को मिली थी. जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी. अपराधी को पुलिस ने पकड़ भी लिया था. लेकिन इस दौरान अपराधी के सहयोगी ग्रामीणों ने उसे पुलिस के कब्जे से छुड़वा लिया. इस दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की हुई. जिसमें एएसआइ राजीव मल अचेत होकर गिर गए. उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मृत्यु हो गयी. एसपी ने पीटकर हत्या किए जाने की बात को खारिज किया.

(अररिया से मृगेंद्र मणि सिंह की रिपोर्ट)

विज्ञापन
ThakurShaktilochan Sandilya

लेखक के बारे में

By ThakurShaktilochan Sandilya

डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन