अररिया में चार दिन से लापता तीन वर्षीय बच्ची का शव नाना के भूसा घर से बरामद, गांव में पसरा मातम

रोते बिलखते परिजन
Araria News: अररिया जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. चार दिनों से लापता तीन वर्षीय मासूम बच्ची का शव उसके नाना के भूसा घर से बरामद हुआ है. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Araria News: अररिया ताराबाड़ी से आशुतोष भारद्वाज की रिपोर्ट .ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के तेगछिया गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गयी जब तीन वर्षीय शिवांशी उर्फ लाडो का शव उसके नाना के भूसा घर से बरामद किया गया. बच्ची पिछले चार दिनों से लापता थी. शव मिलने की सूचना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. डॉग स्क्वायड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है.
भूसा घर से उठी बदबू ने खोला राज
मृत बच्ची के नाना मायानंद सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह भूसा घर से तेज बदबू आने लगी. जब परिवार के लोग वहां पहुंचे तो अंदर बच्ची का शव पड़ा मिला. यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गयी.
बताया जा रहा है कि बच्ची बीते सोमवार को दोपहर के समय घर के बाहर खेल रही थी. उसी दौरान वह अचानक लापता हो गयी. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया था. इसके बाद परिजनों ने ताराबाड़ी थाना में आवेदन देकर बच्ची की गुमशुदगी की सूचना दी थी.
नाना के घर घूमने आई थी मासूम
जानकारी के अनुसार शिवांशी उर्फ लाडो, तरौना भोजपुर पंचायत वार्ड संख्या-5 निवासी सुशील सिंह की पुत्री थी. वह रविवार को अपने नाना के घर घूमने आयी थी. परिवार को क्या पता था कि यह यात्रा मासूम की जिंदगी की आखिरी यात्रा बन जाएगी.
घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. बच्ची की मां और परिवार के अन्य सदस्य बदहवास हैं. गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं.
जांच में जुटी पुलिस, जल्द खुलासे का दावा
घटना की सूचना मिलते ही ताराबाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. डॉग स्क्वायड की टीम भी मामले की जांच में जुटी हुई है.
ताराबाड़ी थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है.
Also Read: पटना में आज : जानें PMCH में OPD में कौन डॉक्टर रहेंगे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










