मुहर्रम को लेकर अररिया में हाई अलर्ट, डीएम-एसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण
मुहर्रम को लेकर संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण करते डीएम व एसपी.
Araria Muharram Security: मुहर्रम को लेकर अररिया में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. डीएम और एसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों, कंट्रोल रूम और जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया.
अररिया से पंकज कुमार की रिपोर्ट
Araria Muharram Security: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. जिलाधिकारी विनोद दूहन और पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार लगातार जिले के संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं. इस दौरान उन्होंने प्रतिनियुक्त अधिकारियों और सुरक्षा बलों को पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया.
जोकीहाट के संवेदनशील इलाकों का लिया जायजा
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने जोकीहाट क्षेत्र के धनपुरा चौक से कर्बला, ठेंगापुर चौक, भेवड़ा चौक होते हुए अररिया-जोकीहाट मुख्य मार्ग तक भ्रमण किया. उन्होंने विभिन्न स्थानों पर तैनात दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षा बलों की तैनाती एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पर्व के दौरान किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहें और लगातार क्षेत्र में निगरानी बनाए रखें.
फारबिसगंज में भी सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने फारबिसगंज नगर परिषद क्षेत्र का भी निरीक्षण किया. इस दौरान शहर में साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्गों का जायजा लिया. अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि जुलूस मार्गों पर किसी प्रकार की बाधा या अव्यवस्था नहीं हो तथा श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े.
कंट्रोल रूम से होती रही ताजिया जुलूसों की निगरानी
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नगर परिषद कार्यालय, फारबिसगंज में स्थापित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया. यहां से शहर में निकल रहे ताजिया जुलूसों की लगातार निगरानी की गई. विभिन्न स्थानों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं मुहर्रम आयोजन समितियों के सदस्यों से भी मुलाकात की. उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता और सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की.
और पढ़ें: नशा मुक्त भारत सप्ताह पर अररिया में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को मिला पुरस्कार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










