अररिया सदर अस्पताल में अब 127 तरह की जांच मुफ्त, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
मॉडल अस्पताल, अररिया | Prabhat Khabar Network
अररिया मॉडल अस्पताल में अब 127 प्रकार की जांच मुफ्त में उपलब्ध है। मरीजों को निजी लैब के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, 24 घंटे मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा।
अररिया : मॉडल अस्पताल अररिया में मरीजों को अब जांच के लिए निजी पैथोलॉजी केंद्रों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. सदर अस्पताल में 127 प्रकार की जांच की सुविधा शुरू कर दी गयी है. इसमें थायराइड, मधुमेह, लिवर, किडनी समेत कई महत्वपूर्ण जांच शामिल हैं. खास बात यह है कि मरीजों को ये सभी जांच निःशुल्क उपलब्ध करायी जाएंगी.
आपके शहर में
सरकार की पहल पर यह सुविधा सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत शुरू की गयी है. जांच की जिम्मेदारी साइंस हाउस लैब को दी गयी है. जिले के सभी प्रखंडों में नमूना संग्रह केंद्र बनाये गये हैं. यहां मरीजों के नमूने लिये जाएंगे और प्रशिक्षित कर्मियों के माध्यम से अररिया स्थित मुख्य जांच केंद्र भेजे जाएंगे. वहां आधुनिक मशीनों से नमूनों की जांच की जायेगी.
24 घंटे उपलब्ध रहेगी जांच की सुविधा
अस्पताल प्रशासन के अनुसार जांच की यह व्यवस्था 24 घंटे संचालित होगी. इससे ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को रात में जांच के लिए दूर अररिया आने की परेशानी कम होगी. प्रखंड स्तर पर ही नमूना संग्रह होने से मरीजों को समय पर रिपोर्ट मिल सकेगी. इससे निजी जांच केंद्रों पर निर्भरता घटेगी और मरीजों के इलाज पर होने वाला खर्च भी कम होगा.
ऑपरेशन की सुविधा का भी हो रहा विस्तार
सदर अस्पताल में शल्य चिकित्सा की सुविधा भी लगातार बढ़ायी जा रही है. अस्पताल में 30 से अधिक प्रकार के ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध होने की बात कही गयी है. इनमें कान-नाक-गला, नेत्र, सामान्य शल्य चिकित्सा, पित्त की पथरी, हाइड्रोसील, हर्निया और प्रसव से संबंधित ऑपरेशन शामिल हैं. हड्डी विभाग में टेनोटॉमी और क्लब फुट जैसे विशेष ऑपरेशन भी किये जा रहे हैं.
अस्पताल प्रबंधन की योजना अगले माह तक ऑपरेशन की सुविधा बढ़ाकर करीब 70 प्रकार तक करने की है. अधिकारियों के अनुसार जांच और ऑपरेशन की सुविधाओं के विस्तार से मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में ही बेहतर इलाज और जांच की सुविधा मिल सकेगी. इससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों पर निजी इलाज का आर्थिक बोझ भी कम होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राहुल सिंह
राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








