एफसीआइ गोदाम से पीडीएस के अनाज की कालाबाजारी का आरोप

Published by : MRIGENDRA MANI SINGH Updated At : 31 Mar 2026 6:57 PM

विज्ञापन

मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों में रोष

विज्ञापन

111 क्विंटल अनाज की कालाबाजारी की आशंका

डोर स्टेप डिलीवरी ठेकेदार, एफसीआइ के एजीएम व डाटा एंट्री ऑपरेटर की मिलीभगत का भी लगाया आरोप

भरगामा. भरगामा स्थित एफसीआइ गोदाम से जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) के अनाज में बड़े पैमाने पर कालाबाजारी का मामला सामने आया है. आरोप है कि डोर स्टेप डिलीवरी के नाम पर भारी मात्रा में अनाज की हेराफेरी की गयी है. इसमें विभागीय मिलीभगत की भी आशंका जतायी जा रही है.

जानकारी के अनुसार, यह मामला 25 फरवरी की संध्या का है. आरोप है कि डोर स्टेप डिलीवरी के ठेकेदार द्वारा छह चक्का वाहन (संख्या बीआर 19 जे 1398) के माध्यम से एक जनवितरण प्रणाली विक्रेता के यहां अनाज भेजा गया. भरगामा धर्मकांटा से प्राप्त वजन रसीद के अनुसार, उक्त वाहन में कुल 164.15 क्विंटल अनाज लोड था. हालांकि, संबंधित डीलर के आवंटन की जांच करने पर चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है. बताया जा रहा है कि उक्त डीलर को महज 53.05 क्विंटल अनाज का ही आवंटन प्राप्त था. ऐसे में शेष 111.10 क्विंटल अनाज के गायब होने या कालाबाजारी किये जाने की आशंका जतायी जा रही है. स्थानीय लोगों व सूत्रों का आरोप है कि इस पूरे मामले में डोर स्टेप डिलीवरी ठेकेदार, एफसीआइ के एजीएम व डाटा एंट्री ऑपरेटर की मिलीभगत से अनाज की हेराफेरी की गयी है. चर्चा है कि यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो यह सरकारी अनाज वितरण प्रणाली में बड़ी लापरवाही व भ्रष्टाचार का मामला होगा.

मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों में आक्रोश रोष है. लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि गरीबों के हक का अनाज सुरक्षित रह सके. वहीं, इस संबंध में असिस्टेंट गोदाम मैनेजर विनीता कुमारी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया. लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया. जबकि बीडीओ शशिभूषण सुमन ने बताया मामला संज्ञान में आया है. जांच कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

विज्ञापन
MRIGENDRA MANI SINGH

लेखक के बारे में

By MRIGENDRA MANI SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन