ट्रक ड्राइवर के समर्थन में सड़क पर उतरे स्थानीय लोग, किया रोड जाम व प्रदर्शन

Updated:
विज्ञापन

अररिया : पीछे स्कूल बस, आगे तीखा मोड़, उस पर पीछे साहेब की गाड़ी, ट्रक ड्राइवर मजबूर कि वाहन को साइड कर कहां ले जायें. इतने में साहेब की गाड़ी से उतर कर एक युवक आता है और ड्राइवर के सिर पर लाठी चला देता है. ड्राइवर लहूलुहान हो जाता है. फिर भी किसी हालत […]

विज्ञापन
अररिया : पीछे स्कूल बस, आगे तीखा मोड़, उस पर पीछे साहेब की गाड़ी, ट्रक ड्राइवर मजबूर कि वाहन को साइड कर कहां ले जायें. इतने में साहेब की गाड़ी से उतर कर एक युवक आता है और ड्राइवर के सिर पर लाठी चला देता है. ड्राइवर लहूलुहान हो जाता है. फिर भी किसी हालत में वह ट्रक पर नियंत्रण करता है, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल जाता है.
मामला नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 57 पर गोढ़ी चौक का है, जहां मंगलवार की सुबह एक ट्रक ड्राइवर को विपरीत परिस्थिति में साइड नहीं देने के नाम पर कथित तौर पर एमवीआइ वाहन में सवार सिपाही व चालक द्वारा मारपीट करने का आरोप लगाया गया है. मामले को लेकर नगर थाना में यूपी मेरठ निवासी विक्की कुमार सिंह, पिता करण सिंह द्वारा आवेदन देकर परिवहन के तीन सिपाही, चालक व पदाधिकारी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है. दर्ज कांड संख्या 254/18 में पीड़ित चालक ने कहा है कि वह मंगलवार की सुबह साढ़े सात बजे अपने खाली ट्रक संख्या एचआर 55 एल 6896 का धर्मकांटा कराकर वापस माल लोडिंग कराने के लिए खरैहया बस्ती स्थित कबाड़ की दुकान पर जा रहा था. गोढ़ी चौक पर पहुंचा तो ट्रक के पीछे स्कूल बस था, बस पर बच्चे सवार थे. आगे तीखा मोड़ था, इतने में पीछे से एक सफेद कलर की स्कॉर्पियो जिस पर परिवहन विभाग का बोर्ड लगा था, साइड मांग रहा था. वह ट्रक साइड कर कैसे व कहां जाये ट्रक चालक के पास कोई विकल्प नहीं था. इतने में स्कॉर्पियो संख्या बीआर 11 एस 3110 से तीन सिपाही उतरे व लाठी से चालक के सिर पर मारा. चालक का सिर फट गया. वह लहूलुहान हो गया. ट्रक भी अनियंत्रित होकर पीछे खड़े स्कूल बस में टकरा सकता था, लेकिन घायल चालक ने सूझ-बूझ का परिचय देते हुए ट्रक को नियंत्रित कर लिया. इसके बाद चालक बेहोश हो गया. इतना देख भीड़ उक्त स्कॉर्पियो को पकड़ने के लिए उसके पीछे दौड़ा, लेकिन स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर फरार हो गया.
ट्रक ड्राइवर व स्थानीय लोगों ने मारपीट के विरोध में किया एनएच 57 जाम : ट्रक चालक के साथ बर्बरता पूर्ण व्यवहार को देखते ही स्थानीय लोग व ट्रक ड्राइवर एकजुट हो गये. उन्होंने सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. उनके प्रदर्शन के कारण दो घंटे तक एनएच 57 फोरलेन सड़क पर यातायात अवरुद्ध हो गया. उनकी मांग थी कि ट्रक चालक को मारने वाला जो भी हो उसके विरुद्ध कार्रवाई हो. सूचना पाकर नगर थाना के पुअनि हरेंद्र सिंह, अशोक सिंह सहित टाइगर मोबाइल व बीएमपी के जवान गोढ़ी चौक स्थित जाम स्थल पर पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाया व दोषी के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बादल घायल ट्रक चालक विक्की कुमार को इलाज के लिए पुलिस जीप पर लादकर सदर अस्पताल ले जाकर इलाज कराया.
कहते हैं नगर थानाध्यक्ष : इधर इस संबंध में पूछे जाने पर नगर थानाध्यक्ष आरके चौधरी ने बताया कि चालक के आवेदन के आधार पर पांच अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. उन्होंने कहा कि आवेदन में एमवीआइ के अधिकारी, तीन सिपाही व चालक सभी अज्ञात को आरोपित बनाया है. इसलिए अब मामले की जांच करने के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा कि वे कहां के अधिकारी थे.
कहते हैं जिला परिवहन पदाधिकारी
इस संबंध में पूछे जाने पर जिला परिवहन पदाधिकारी सबल कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है. अगर ट्रक चालक द्वारा एमवीआइ पर आरोप लगाया जा रहा है तो यह एमवीआइ ही बता सकते हैं कि मामले की हकीकत क्या है. हालांकि एमवीआइ से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया. लेकिन वे कार्यालय में नहीं थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन