ePaper

अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट : ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 5-1 से हराया

Updated at : 07 Apr 2016 6:05 PM (IST)
विज्ञापन
अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट  : ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 5-1 से हराया

इपोह : आक्रामक तेवर लेकर उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम के सामने भारतीय डिफेंस तितर बितर हो गया जिससे 25वें सुल्तान अजलान शाह कप हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे लीग मैच में भारत को 1-5 से करारी हार झेलनी पड़ी. आठ बार की विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपने अभियान का आगाज जीत के साथ करके भारत के खिलाफ […]

विज्ञापन

इपोह : आक्रामक तेवर लेकर उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम के सामने भारतीय डिफेंस तितर बितर हो गया जिससे 25वें सुल्तान अजलान शाह कप हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे लीग मैच में भारत को 1-5 से करारी हार झेलनी पड़ी.

आठ बार की विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपने अभियान का आगाज जीत के साथ करके भारत के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया. पिछले साल उसे फाइनल में न्यूजीलैंड ने मात दी थी. ऑस्ट्रेलिया के लिये ब्लैक गोवर्स (पांचवां मिनट), जैकब वेटन (13वां मिनट), एडी ओकेंडेन (20वां), साइमन ओचार्ड (25वां) और मैट गोडेस (53वां मिनट) ने गोल किये.

ओलंपिक की तैयारी के लिये ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पूरी मजबूत टीम यहां उतारी है. भारत के लिये एकमात्र गोल रुपिंदर पाल सिंह ने पेनल्टी कार्नर पर आठवें मिनट में किया. राउंड राबिन लीग में ऑस्ट्रेलिया का यह पहला मैच था जबकि भारत ने पहले मैच में जापान को 2 -1 से हराया था.

भारत को खराब पेनल्टी कार्नर का खामियाजा भुगतना पड़ा. शुरुआती दस मिनट में भारतीय टीम मौकों का फायदा नहीं उठा सकी. एस वी सुनील को शुरुआती मिनटों में ही गोल करने का मौका मिला लेकिन वह चूक गए. आस्ट्रेलिया के लिये पांचवें मिनट में गोवर्स ने पहला गोल किया. भारत ने तीन मिनट बाद बराबरी की जब रुपिंदर ने पेनल्टी कार्नर को गोल में बदला.

दो मिनट बाद सुनील दाहिने फ्लैंक से सर्कल में बढ़े और गोलकीपर एंड्रयू चार्टर के सामने थे जिन्हें भारतीय खिलाड़ी का शाट रोकने में कोई दिक्कत नहीं आई. ऑस्ट्रेलिया का दूसरा गोल 13वें मिनट में हुआ जब कप्तान जैमी ड्वायेर ने सर्कल के भीतर पास लेकर वेटन को गेंद सौंपी और उसने गोल करने में कोई चूक नहीं की.

भारतीय डिफेंडरों ने इसके बाद आसान गोल गंवा दिया. रुपिंदर ने 20वें मिनट में सर्कल के भीतर गलती की और गेंद पर ऑस्ट्रेलियाई स्ट्राइकर ओकंडेन ने कब्जा कर लिया. उसने दो कदम आगे बढ़कर तीसरा गोल दागा. पांच मिनट बाद भारतीय डिफेंस में खाली जगहों का फायदा उठाते हुए ओचार्ड ने गोल दागा. गोडेस ने 53वें मिनट में ओचार्ड से मिले पास पर पांचवां गोल किया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola