ePaper

बड़ी बहन पर भारी छोटी बहन, सेरेना ने वीनस को हराया, विंबलडन के क्‍वार्टर फाइनल में पहुंची

Updated at : 06 Jul 2015 10:17 PM (IST)
विज्ञापन
बड़ी बहन पर भारी छोटी बहन, सेरेना ने वीनस को हराया, विंबलडन के क्‍वार्टर फाइनल में पहुंची

लंदन : विश्व की नंबर एक खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने बहनों के बहुचर्चित मुकाबले में अपनी बड़ी बहन वीनस को सीधे सेटों में हराकर विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया जबकि मारिया शारापोवा भी अंतिम आठ में जगह बनाने में सफल रही. विंबलडन में छठे खिताब की कवायद में […]

विज्ञापन

लंदन : विश्व की नंबर एक खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने बहनों के बहुचर्चित मुकाबले में अपनी बड़ी बहन वीनस को सीधे सेटों में हराकर विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया जबकि मारिया शारापोवा भी अंतिम आठ में जगह बनाने में सफल रही.

विंबलडन में छठे खिताब की कवायद में लगी अमेरिकी खिलाड़ी सेरेना ने यह मैच 6-4, 6-3 से जीता. यह उनकी ऑल इंग्लैंड क्लब में 76वीं जीत है और इस तरह से उन्होंने वीनस की बराबरी की. सेरेना का अगला मुकाबला विक्टोरिया अजारेंका और बेलिंडा बेनसिच के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा.

इस 33 वर्षीय खिलाड़ी ने अपने से एक साल बड़ी वीनस के खिलाफ 36 विनर और दस ऐस लगाये. यह उनकी वीनस पर 26 मुकाबलों में 14वीं जीत है लेकिन हमेशा की तरह यह उनके लिये बहुत उत्साहजनक अनुभव नहीं रहा.

सेरेना ने कहा, आपने जिसका अनुसरण किया हो और जिसे आप बहुत अधिक चाहते हों और जो आपकी दुनिया में सबसे अच्छी सहेली हो, उसे हराकर बहुत अच्छा नहीं लगता. इस तरह के मैच खेलना आसान नहीं होता है. सेरेना ने शुरु में ही वीनस की सर्विस तोड़ दी थी लेकिन बड़ी बहन ने जल्द ही ब्रेक प्वाइंट लेकर वापसी की. इसके बाद हालांकि सेरेना ने वीनस को कोई मौका नहीं दिया.

चौथी वरीयता प्राप्त रुसी खिलाड़ी शारापोवा को कजाखस्तान की जारिना डियास के खिलाफ जूझना पड़ा. उन्होंने एक घंटा 37 मिनट तक चले मैच में 6-4, 6-4 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया. शारापोवा को अब अमेरिका की कोको वांडेवीगे का सामना करना है जिन्होंने चेक गणराज्य की छठी वरीय लूसी सैफरोवा को 7-6, 7-6 से उलटफेर का शिकार बनाया.

अमेरिका की एक अन्य खिलाडी मेडिसन कीज भी अंतिम आठ में पहुंच गयी हैं. इस 21वीं वरीय खिलाड़ी ने बेलारुस की ओल्गा गोवोर्त्सोवा को 3-6, 6-4, 6-1 से पराजित किया. पुरुष वर्ग में फ्रांस के 21वें वरीय रिचर्ड गास्केट ने आस्ट्रेलिया के निक किर्गियोस को 7-5, 6-1, 6-7, 7-6 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनायी. गास्केट ने इस तरह से पिछले साल की हार का बदला चुकता कर दिया जब वह नौ मैच प्वाइंट का फायदा उठाने में नाकाम रहे थे. गास्केट ने 2007 के बाद पहली बार विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया. उन्हें अब तीसरे वरीय स्टैन वावरिंका और डेविड गोफिन के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा.

इस बीच गैरवरीयता प्राप्त वासेक पोसपिसिल विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले तीसरे कनाडाई खिलाड़ी बन गये हैं. उन्होंने सर्बिया के विक्टर ट्रोइस्की को 4-6, 6-7, 6-4, 6-3, 6-3 से पराजित किया। पोसपिसिल से पहले कनाडा के जिन खिलाडियों ने विंबलडन क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था उनमें राबर्ट पावेल (1908, 1910 और 1912) और मिलोसा राओनिक (2014) शामिल हैं.

विश्व में 56वें नंबर के पोसपिसिल ने चार दौर में अब तक तीसरी बार पांच सेट का मुकाबला जीता. उन्हें सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिये 2013 के चैंपियन एंडी मर्रे या क्रोएशिया के इवो कार्लोविच से भिड़ना होगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola