हाॅकी विश्व लीग फाइनल : अर्जेंटीना का डिफेंस को नहीं भेद सका भारत, सेमीफाइनल में हारा

Updated at : 08 Dec 2017 9:46 PM (IST)
विज्ञापन
हाॅकी विश्व लीग फाइनल : अर्जेंटीना का डिफेंस को नहीं भेद सका भारत, सेमीफाइनल में हारा

भुवनेश्वर : लगातार हो रही तेज बारिश के बावजूद आखिरी सीटी बजने तक सीटों पर जमे रहे दर्शक भी शुक्रवार को यहां भारतीय टीम में जोश का संचार नहीं कर सके और ओलिंपिक चैंपियन अर्जेंटीना ने मेजबान को एक गोल से हराकर हाॅकी विश्व लीग फाइनल के खिताबी मुकाबले में जगह बना ली. इसके साथ […]

विज्ञापन

भुवनेश्वर : लगातार हो रही तेज बारिश के बावजूद आखिरी सीटी बजने तक सीटों पर जमे रहे दर्शक भी शुक्रवार को यहां भारतीय टीम में जोश का संचार नहीं कर सके और ओलिंपिक चैंपियन अर्जेंटीना ने मेजबान को एक गोल से हराकर हाॅकी विश्व लीग फाइनल के खिताबी मुकाबले में जगह बना ली. इसके साथ ही भारत की पदक का रंग बेहतर करने की उम्मीदों पर भी पानी फिर गया. पिछली बार रायपुर में खेले गए टूर्नामेंट में भी सेमीफाइनल हारने के बाद भारत ने कांस्य पदक जीता था. इस बार भी वह कांसे के तमगे के लिए आस्ट्रेलिया या जर्मनी से खेलेगा.

अर्जेंटीना को 17वें मिनट में गोंजालो पेलाट के गोल के दम पर मिली बढ़त को भारत आखिरी 43मिनट में उतार नहीं सका. पिछले मैच में दुनिया की तीसरे नंबर की टीम बेल्जियम को सडेन डेथ में हरानेवाले आक्रामक तेवर आज नदारद थे. फारवर्ड पंक्ति में तालमेल का अभाव दिखा और गेंद पर नियंत्रण के मामले में दुनिया की नंबर एक टीम अर्जेंटीना काफी आगे रही. मैदान पर दमखम और तकनीक की जोर आजमाइश करनेवाले भारत और अर्जेंटीना के खिलाड़ियों के अलावा इस मैच में काबिले तारीफ था कलिंगा स्टेडियम पर भारी तादाद में जमा दर्शकों का जज्बा. सुबह से लगातार हो रही बूंदाबांदी मैच के समय तक तेज बारिश में बदल गयी, लेकिन वह दर्शकों के उत्साह पर पानी नहीं फेर सकी.

सेमीफाइनल से ठीक पहले इंग्लैंड और नीदरलैंड के बीच खेले गये क्लासीफिकेशन मैच के बाद भारत-अर्जेंटीना मैच शनिवार तक के लिए स्थगित किये जाने की अटकलें भी लगायी जा रही थी. लेकिन, ऐसा हुआ नहीं और दोनों टीमें मैदान पर खेलने उतरी, तो मुश्किल हालात के बावजूद जोश में कहीं कोई कमी नहीं थी. पहले हाफ में हालांकि भारतीय टीम उस फार्म में नहीं दिखी जो उसने बेल्जियम के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में दिखाया था. दूसरी ओर अर्जेंटीना ने भारतीय सर्कल में कई हमले बोले और पांचवें मिनट में गोलकीपर आकाश चिकते ने मुस्तैदी दिखाते हुए गोल बचाया.

भारत के लिए 10वें मिनट में सुनहरा मौका था, जब ललित उपाध्याय से गेंद लेकर एसवी सुनील सर्कल के भीतर घुसे, लेकिन उनका निशाना चूक गया. दूसरे क्वार्टर में भारतीय कप्तान मनप्रीत सिंह को पीला कार्ड देखना पड़ा. इससे पहले अर्जेंटीना ने 17वें मिनट में मैच का पहला पेनल्टी कार्नर हासिल किया और इसे गोंजालो पेलाट ने गोल में बदलकर ओलिंपिक चैंपियन को बढ़त दिला दी. तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमें रक्षात्मक खेल दिखाती रही. भारत को 36वें मिनट में मिले एकमात्र पेनल्टी कार्नर को रुपिंदर पाल सिंह गोल में नहीं बदल सके. लेकिन, आखिरी क्वार्टर में भारत ने कई मौके बनाये जिन्हें फिनिशिंग तक नहीं ले जा सकी.

इस जीत के साथ ही अर्जेंटीना ने पिछले साल रियो ओलिंपिक में मिली हार का बदला भी चुकता कर दिया. ओलिंपिक स्वर्ण पदक की राह में भारत से वह एकमात्र मुकाबला हारी थी. इसके अलावा यहां हाकी विश्व लीग फाइनल से पहले अभ्यास मैच में भी भारत ने उसे हराया था.

नीदरलैंड ने इंग्लैंड को हराया

इससेपहले सातवें और आठवें स्थान के लिए खेले गये मैच मेंयूरोपीय चैंपियन नीदरलैंड ने इंग्लैंड को 1-0 से हरा दिया. नीदरलैंड के लिए एकमात्र गोल 42वें मिनट में मिर्को प्रूइजेर ने किया. क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना से हारी इंग्लैंड और जर्मनी से पराजित नीदरनलैंड ने पहले दो क्वार्टर में रक्षात्मक खेल दिखाया. हाफटाइम तक कोई टीम गोल नहीं कर सकी, लेकिन तीसरे क्वार्टर में नीदरलैंड ने बढ़त बनायी जो अंत तक कायम रही.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola