स्टार्क बने सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले बाएं हाथ के गेंदबाज, बांग्लादेश के खिलाफ बनाया रिकॉर्ड
मिचेल स्टार्क (फोटो—एक्स)
मिचेल स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में एक नया मील का पत्थर हासिल किया है, बांग्लादेश के खिलाफ विकेट लेकर वे टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बाएं हाथ के गेंदबाज बन गए हैं. इस मैच में ऑस्ट्रेलिया 198 रन पर ढेर हो गई, जबकि हसन महमूद ने 6 विकेट लिए.
Mitchell Starc: डार्विन टेस्ट के पहले दिन क्रिकेट के हिस्ट्री में कई बड़े रिकॉर्ड बने. ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में नया मुकाम हासिल किया. बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने इस्लाम का विकेट लेकर टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए है. उन्होंने ये उपलब्धि मात्र 106वें टेस्ट मैच में हासिल की है.
ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज
मिचेल स्टार्क ने बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट के पहले दिन शादमान इस्लाम को आउट करते ही टेस्ट क्रिकेट में नया रिकॉर्ड बना दिया. स्टार्क के नाम अब टेस्ट क्रिकेट में 434 विकेट हो गए हैं. इसके साथ ही उन्होंने श्रीलंका के दिग्गज स्पिनर रंगना हेराथ को पीछे छोड़ दिया. हेराथ ने अपने टेस्ट करियर में 433 विकेट लिए थे. अब स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बाएं हाथ के गेंदबाज बन गए हैं. यह उपलब्धि उनके शानदार टेस्ट करियर में एक और बड़ी उपलब्धि है.
ऑस्ट्रेलिया 198 रन पर ढेर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत ठीक रही. ट्रेविस हेड और जेक वेदराल्ड ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े. हेड ने 22 और वेदराल्ड ने 23 रन बनाए. हालांकि, इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई पारी लड़खड़ा गई और टीम 74 रन तक अपने चार विकेट गंवा चुकी थी. स्टीव स्मिथ ने 109 गेंदों पर 71 रन की जुझारू पारी खेली. उनकी पारी में सात चौके और एक छक्का शामिल रहा, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला.
Also Read: श्रीलंका में सहवाग ने ऐसे उड़ाई थी अजंता मेंडिस की धज्जियां, जड़ा था नाबाद डबल सेंचुरी
हसन महमूद ने बनाया रिकॉर्ड
बांग्लादेश की घातक गेंदबाजी के सामने ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 198 रन पर ऑलआउट हो गई. यह बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया का सबसे कम स्कोर है. इससे पहले उसका न्यूनतम स्कोर 2017 में मीरपुर टेस्ट में 217 रन था. बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने करियर का यादगार प्रदर्शन किया. हसन ने 17 ओवर में कुल 6 विकेट चटकाए. हसन महमूद के टेस्ट करियर में अब तीन पांच विकेट हॉल हो चुके हैं.
तस्कीन ने पूरे किए 300 अंतरराष्ट्रीय विकेट
बांग्लादेश के एक और तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद ने भी पहले दिन बड़ी उपलब्धि हासिल की. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 300 विकेट पूरे कर लिए. तस्कीन ने 204 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की है. उनके नाम 13 बार चार विकेट, तीन बार पांच विकेट और कुल 300 अंतरराष्ट्रीय विकेट दर्ज हैं. बांग्लादेश के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में तस्कीन अब छठे स्थान पर हैं. उनसे आगे शाकिब अल हसन (712), मशरफे मुर्तजा (389), मुस्ताफिजुर रहमान (384), मेहदी हसन मिराज (369) और ताइजुल इस्लाम (302) हैं.
Also Read: पिता के निधन पर टूटे मेसी, इंस्टाग्राम पर लिखा भावुक संदेश, रोनाल्डो ने बढ़ाया हौसला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिजीत कुमार
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









