श्रीलंका में सहवाग ने ऐसे उड़ाई थी अजंता मेंडिस की धज्जियां, जड़ा था नाबाद डबल सेंचुरी

Updated:
विज्ञापन

शॉर्ट खेलते वीरेंद्र सहवाग (फोटो—सोशल मीडिया)

2008 में श्रीलंका के गॉल में वीरेंद्र सहवाग ने अजंता मेंडिस की रहस्यमयी स्पिन के खिलाफ एक अविश्वसनीय पारी खेली थी. उन्होंने 231 गेंदों पर नाबाद 201 रन बनाकर भारत को जीत दिलाई. यह पारी आज भी क्रिकेट प्रेमियों के जेहन में ताज़ा है.

विज्ञापन

Ind vs Sl Test Series: श्रीलंका का गॉल मैदान भारतीय क्रिकेट की कई यादगार कहानियों का गवाह रहा है, लेकिन 2008 में यहां वीरेंद्र सहवाग ने जो किया, उसकी चर्चा आज भी होती है. भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में सहवाग ने अजंता मेंडिस की रहस्यमयी स्पिन का ऐसा करारा जवाब दिया था, जिसे क्रिकेट फैंस आज भी याद करते हैं. सहवाग ने नाबाद दोहरा शतक जड़ते हुए भारत को 170 रनों से शानदार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी.

गॉल में सहवाग का तूफानी अंदाज

31 जुलाई 2008 को गॉल में भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला शुरू हुआ. भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. टीम की शुरुआत उतनी मजबूत नहीं रही, लेकिन एक छोर पर वीरेंद्र सहवाग पूरी तरह डटे रहे. सहवाग ने श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. अजंता मेंडिस की मिस्ट्री स्पिन भी उन्हें रोक नहीं सकी. सहवाग ने मैदान के चारों तरफ शॉट लगाए और तेजी से रन बटोरते हुए अपना दोहरा शतक पूरा किया.

231 गेंदों पर ठोके नाबाद 201 रन

सहवाग ने सिर्फ 231 गेंदों पर नाबाद 201 रन की शानदार पारी खेली. उनकी पारी में 22 चौके और चार छक्के शामिल थे. उनकी इस पारी के दम पर भारत ने पहली पारी में 329 रन बनाए. इस मुकाबले में अजंता मेंडिस ने छह विकेट जरूर लिए, लेकिन सहवाग के सामने उनकी गेंदबाजी का असर नजर नहीं आया. मेंडिस ने 28 ओवर की गेंदबाजी में 117 रन खर्च किए. सहवाग ने उनकी गेंदों को लगातार आक्रमण का निशाना बनाया और श्रीलंकाई टीम पर दबाव बनाए रखा.

Also Read: पिता के निधन पर टूटे मेसी, इंस्टाग्राम पर लिखा भावुक संदेश, रोनाल्डो ने बढ़ाया हौसला

दूसरी पारी में भी सहवाग का बल्ला बोला

भारत ने दूसरी पारी में भी सहवाग के बल्ले से अहम योगदान हासिल किया. उन्होंने 50 रन बनाए. भारत ने अपनी दूसरी पारी में 269 रन बनाकर श्रीलंका के सामने 307 रनों का लक्ष्य रखा. लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और सिर्फ 136 रन पर ऑलआउट हो गई. हरभजन सिंह ने चार विकेट झटके, जबकि ईशांत शर्मा ने तीन और अनिल कुंबले ने दो विकेट लिए. भारत ने यह मुकाबला 170 रनों से अपने नाम किया. सहवाग को उनकी शानदार दोहरी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली.

Also Read: एंड्रयू फ्लिंटॉफ के बेटे रॉकी ने तोड़ा 134 वर्ष पुराना रिकॉर्ड, 18 की उम्र में बने लंकाशायर के सबसे युवा शतकवीर

सहवाग ने दिखाया मेंडिस की स्पिन का तोड़

मेंडिस ने मैच में कुल 10 विकेट लिए, लेकिन सहवाग के नाबाद 201 रन ने उनकी गेंदबाजी के खिलाफ एक अलग रणनीति का उदाहरण पेश किया. गॉल टेस्ट में सहवाग की पारी की सबसे बड़ी खासियत उनका निडर रवैया था. अजंता मेंडिस उस दौर में अपनी मिस्ट्री स्पिन के लिए जाने जाते थे और बल्लेबाजों के लिए उनकी गेंदों को पढ़ना आसान नहीं था. लेकिन सहवाग ने अपनी बल्लेबाजी से दिखा दिया कि आक्रामक अंदाज में खेलकर भी मिस्ट्री स्पिन के दबाव को तोड़ा जा सकता है.

अब शुभमन गिल की होगी परीक्षा

अब करीब 18 साल बाद गॉल में एक बार फिर भारत और श्रीलंका आमने-सामने होंगे. 15 अगस्त से शुरू होने वाले टेस्ट में शुभमन गिल की अगुआई वाली भारतीय टीम के सामने श्रीलंका के बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या की चुनौती होगी. गॉल में 11 टेस्ट मैचों में 81 विकेट ले चुके जयसूर्या के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा होगी.

Also Read: ICC Rankings में इंडियन प्लेयर्स का जलवा, टेस्ट में बाबर की टॉप-10 में वापसी


विज्ञापन
अभिजीत कुमार

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola