WPL 2023: मुंबई इंडियंस बना चैंपियन, हरमनप्रीत कौर की टीम ने किया कमाल, देखें जीत के बाद की तस्वीरें
Published by : AmleshNandan Sinha Updated At : 26 Mar 2023 11:57 PM
मुंबई इंडियंस ने पहला महिला प्रीमियर लीग का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है. टॉस हारने के बाद मुंबइ को पहले गेंदबाजी का न्यौता मिला. मुंबई की ओर से ईशी वॉन्ग ने कमाल की गेंदबाजी की और तीन विकेट चटकाकर दिल्ली को शुरू में ही दबाव में ला दिया. हीली मैथ्यूज ने भी गेंदबाजी में कमाल किया.

हीली मैथ्यूज की अगुवाई में अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद नेट स्किवेर ब्रंट के 55 गेंद में नाबाद 60 रन की मदद से मुंबई इंडियंस ने रविवार को दिल्ली कैपिटल्स को सात विकेट से हराकर पहला महिला प्रीमियर लीग खिताब जीत लिया.

शिखा पांडे और राधा यादव के बीच दसवें विकेट के लिये 52 रन की साझेदारी की मदद से दिल्ली कैपिटल्स नौ विकेट पर 131 रन बनाये. जवाब में मुंबई ने तीन गेंद बाकी रहते तीन विकेट पर 134 रन बनाये.

स्किवेर ब्रंट ने एक छोर संभालकर 55 गेंद की अपनी पारी में सात चौके लगाये. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी 39 गेंद में 37 रन की पारी खेली. आखिर में एमेलिया केर ने आठ गेंद में नाबाद 14 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया.

इससे पहले मुंबई के गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया. दिल्ली का स्कोर 11वें ओवर में तीन विकेट पर 74 रन था. इसके बाद छह विकेट पांच रन के भीतर गिर गये और 16वें ओवर के बाद स्कोर नौ विकेट पर 79 रन हो गया. मुंबई के विदेशी गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया जिनमें से हीली मैथ्यूज ने चार ओवर में सिर्फ पांच रन देकर तीन विकेट लिये जबकि इसाबेल वॉन्ग ने 42 रन देकर तीन और एमेलिया केर ने 18 रन देकर दो विकेट चटकाये.

दिल्ली के लिये शिखा और राधा ने 52 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को 100 रन के पार पहुंचाया. शिखा ने 17 गेंद में नाबाद 27 और राधा ने 12 गेंद में नाबाद 27 रन की पारी खेली. शिखा ने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया जबकि राधा ने दो चौके और दो छक्के जड़े.

इससे पहले मैथ्यूज, वॉन्ग और केर ने आपस में आठ विकेट लेकर मुंबई को मजबूत स्थिति तक पहुंचाया. कैरेबियाई हरफनमौला मैथ्यूज ने टूर्नामेंट में 16 विकेट लेकर यूपी वारियर्स की सोफी एक्सेलेटोन की बराबरी कर ली. वोंग और केर ने टूर्नामेंट में 15-15 विकेट लिये.

ब्रेबोर्न स्टेडियम पर फाइनल की शुरुआत नाटकीय रही जब मुंबई ने वॉन्ग की फुलटॉस गेंदों पर पहले तीन विकेट लिये. पहले दो फैसले तीसरे अंपायर ने दिये. शेफाली वर्मा ने लांग आन पर छक्का और अगली गेंद पर वोंग को चौका लगाकर शुरुआत की लेकिन केर की गेंद पर प्वाइंट में कैच दे बैठी. वॉन्ग ने इसके बाद एलिस कैप्सी को खाता खोले बिना रवाना किया जिनका शानदार कैच एक्स्ट्रा कवर पर अमजोत कौर ने लपका.

जेमिमा रौड्रिग्स ने पहली गेंद पर चौका लगाकर शुरुआत की. उन्होंने तीसरे ओवर में नेट स्किवेर ब्रंट को दूसरा चौका लगाया. इससे पहले लानिंग ने पहली दो गेंद पर दो चौके जड़े. वॉन्ग की फुलटॉस पर हालांकि जेमिका प्वाइंट में हीली मैथ्यूज को कैच देकर लौटी. पावरप्ले के आखिर में दिल्ली का स्कोर तीन विकेट पर 38 रन था. दस ओवर में स्कोर तीन विकेट पर 68 रन था. दिल्ली की पारी का पतन 11वें ओवर के बाद शुरू हुआ और नौ विकेट 79 रन पर गिर गये जिसके बाद राधा और शिखा ने मोर्चा संभाला.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










