T20 World Cup: पाकिस्तान को चटाई धूल, पर कुलदीप से भिड़ गए सूर्या-हार्दिक; वीडियो वायरल

Published by : Govind Jee Updated At : 16 Feb 2026 9:45 AM

विज्ञापन

मैच खत्म होने के बाद कुलदीप यादव गुस्से में दिखे.

T20 World Cup: टीम इंडिया ने T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को 61 रन से हराकर सुपर 8 में एंट्री कर ली है. ईशान किशन के तूफान और बुमराह की खतरनाक बॉलिंग के बीच मैदान पर एक ऐसी घटना हुई जिसने जीत के जश्न में खलल डाल दिया. कैच छूटने के बाद हार्दिक की हरकतों और मैच के बाद हाथ मिलाते समय कुलदीप यादव के साथ सूर्यकुमार की बर्ताव का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है.

विज्ञापन

T20 World Cup: कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से रौंदकर सुपर-8 में जगह पक्की कर ली, लेकिन जीत के जश्न के बीच मैदान पर हुई एक तीखी बहस ने फैंस को चौंका दिया है. भारतीय टीम ने रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज की. ईशान किशन के बल्ले से निकले 77 रनों के तूफान और जसप्रीत बुमराह-हार्दिक पांड्या की घातक गेंदबाजी के दम पर पाकिस्तान की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. 

भारत ने 175 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में पड़ोसी देश की टीम महज 114 रनों पर ढेर हो गई. लेकिन इस शानदार जीत के बाद सोशल मीडिया पर मैच के नतीजों से ज्यादा चर्चा उस गरमा-गरम बहस की हो रही है, जो कप्तान सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और स्पिनर कुलदीप यादव के बीच हुई.

आखिर क्यों लाल-पीले हो गए हार्दिक पांड्या?

पूरा विवाद पाकिस्तान की पारी के 18वें ओवर में शुरू हुआ. पाकिस्तान के 9 विकेट गिर चुके थे और हार लगभग तय थी. हार्दिक पांड्या गेंदबाजी कर रहे थे और सामने शाहीन अफरीदी थे. अफरीदी ने एक शॉट हवा में उछाला जो सीधे ‘काउ कॉर्नर’ पर खड़े कुलदीप यादव के पास गया. कुलदीप ने एक आसान सा कैच छोड़ दिया और गेंद सीमा रेखा के पार छक्के के लिए चली गई. हालांकि इस कैच के छूटने से मैच के रिजल्ट पर कोई फर्क नहीं पड़ा, लेकिन हार्दिक पांड्या अपनी खीझ नहीं रोक पाए और मैदान पर ही कुलदीप को खरी-खोटी सुनाने लगे.

हाथ मिलाते समय बढ़ा विवाद 

हैरानी की बात तब हुई जब मैच खत्म होने के बाद खिलाड़ी आपस में हाथ मिला रहे थे. वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कप्तान सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या जीत की खुशी मनाने के बजाय कुलदीप यादव को घेरकर काफी आक्रामक तरीके से बात कर रहे थे. दोनों सीनियर खिलाड़ियों का बर्ताव कुलदीप के प्रति काफी सख्त नजर आ रहा था. माहौल को बिगड़ता देख टीम के युवा खिलाड़ी रिंकू सिंह और तिलक वर्मा को बीच-बचाव के लिए आना पड़ा. फैंस सोशल मीडिया पर यह सवाल उठा रहे हैं कि इतनी बड़ी जीत के बाद भी सीनियर खिलाड़ियों को एक छोटी सी गलती पर कुलदीप के साथ ऐसा ‘दुर्व्यवहार’ नहीं करना चाहिए था.

ईशान किशन ने 40 गेंदों में 77 रनों की आतिशी पारी खेली

इस विवाद ने टीम के शानदार प्रदर्शन पर कुछ हद तक पानी फेरने का काम किया है. मैच की बात करें तो ईशान किशन ने 40 गेंदों में 77 रनों की आतिशी पारी खेलकर भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया था. गेंदबाजी में बुमराह (2/17) और खुद हार्दिक (2/16) ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी थी. कुलदीप यादव ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए 14 रन देकर 1 विकेट लिया था. अब देखना यह होगा कि टीम मैनेजमेंट इस अंदरूनी तनाव को कैसे सुलझाता है, क्योंकि सुपर-8 जैसे बड़े मंच पर टीम का एकजुट होना सबसे ज्यादा जरूरी है.

ये भी पढ़ें: IND vs PAK: भारत के सामने पाकिस्तान ने किया सरेंडर, सूर्या सेना की जीत के पांच कारण

ये भी पढ़ें: India vs Pakistan: पाकिस्तान के खिलाफ उतरी भारतीय टीम, 100% हिंदू

विज्ञापन
Govind Jee

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola