महिला एशिया कप में भारत ने की जीत के साथ शुरुआत, थाईलैंड को 94 रन से रौंदा

Updated:
विज्ञापन

थाईलैंड से जीत के बाद भारतीय महिला टीम (फोटो- सोशल मीडिया)

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला एशिया कप 2026 में जीत के साथ शुरुआत की है. शेफाली वर्मा की तूफानी 64 रनों की पारी की मदद से भारत ने थाईलैंड को 94 रन से मात दी.

विज्ञापन

India W vs Thailand W: महिला एशिया कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है. भारत ने दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-ए मुकाबले में थाईलैंड को 94 रन से हराया. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में दो अंक हासिल कर लिए हैं और ग्रुप-ए की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है. भारत का अगला मुकाबला 3 सितंबर को हांगकांग से होगा.

विज्ञापन

भारत की अच्छी शुरुआत

थाईलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत ठीक रही, लेकिन बीच के ओवरों में उसे लगातार कुछ झटके लगे. स्मृति मंधाना 19 रन बनाकर रन आउट हुईं, जबकि प्रतिका रावल ने 22 रन की पारी खेली. कप्तान हरमनप्रीत कौर भी ज्यादा देर नहीं टिक सकीं और 5 रन बनाकर आउट हो गईं.

शेफाली ने खेली 64 रन की पारी

इसके बाद शेफाली वर्मा ने भारतीय पारी को संभाला. उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. शेफाली ने 36 गेंदों में 64 रन की शानदार पारी खेली. उनके अलावा भारती फुलमाली ने 13 और क्रांति गौड़ ने 15 रन बनाकर 9 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए. थाईलैंड की ओर से सुनीदा चतुरोंगरतरना ने दो विकेट लिए, जबकि सुलीपॉर्न लाओमी ने तीन विकेट हासिल किए. चानिदा सुथ्थीरुआंग और थीपचा को एक-एक सफलता मिली.

ये भी पढ़ें: दीप्ति शर्मा ने रचा इतिहास, भारत के लिए 150 टी20I मैच खेलने वाली तीसरी महिला खिलाड़ी बनी

थाईलैंड की शुरुआत बेहद खराब

भारत के दिए लक्ष्य का पीछा करने उतरी थाईलैंड की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. नट्टाकान चंथाम पहले ही ओवर में 4 रन बनाकर आउट हो गईं. इसके बाद फन्नीता माया 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं. थाईलैंड की बल्लेबाजी भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह दबाव में नजर आई. आफिसरा सुवॉनचौंराथी 1, चानिदा सुथ्थीरुआंग 5 और नन्नाफत चाइहान बिना खाता खोले आउट हो गईं. नाओमी हेमिल्टन भी 1 रन ही बना सकीं.

थाईलैंड ने 44 रन के स्कोर तक अपने छह विकेट गंवा दिए, जिससे उसकी जीत की उम्मीद लगभग खत्म हो गई. इसके बाद भी भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और थाईलैंड को लगातार झटके दिए. टीम लक्ष्य के करीब पहुंचने में नाकाम रही और अंत में भारत ने मुकाबला 94 रन से अपने नाम कर लिया. भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने 3, श्री चरणी 2 और नंदनी शर्मा ने 3 और क्रांति गौड़ ने 1 विकेट चटकाए.

भारत की जीत में शेफाली की अहम भूमिका

भारत की जीत में शेफाली वर्मा की 64 रन की पारी सबसे महत्वपूर्ण रही. उन्होंने शुरुआत से ही थाईलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाया और तेजी से रन जुटाए. उनके आक्रामक अंदाज ने भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. भारत अब जीत से मिले आत्मविश्वास के साथ अपने अगले मुकाबले की तैयारी करेगा. टीम का अगला मैच 3 सितंबर को हांगकांग के खिलाफ है.

ये भी पढ़ें: ICC ने श्रीलंका से छीनी 2027 महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी, जानें क्यों लिया गया यह फैसला?


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola