ePaper

IPL 2024: किरोन पोलार्ड ने किया कप्तान हार्दिक पांड्या का बचाव, सातवें नंबर पर आए थे बल्लेबाजी करने

Updated at : 25 Mar 2024 1:45 PM (IST)
विज्ञापन
IPL 2024: Hardik Pandya and Shubman Gill

IPL 2024: Hardik Pandya and Shubman Gill

IPL 2024: रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग 2024 सीजन के अपने पहले मुकाबले में हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस को गुजरात टाइटंस से 6 रन से हार मिली. आखिरी ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में शुभमन गिल की टीम ने जीत दर्ज की.

विज्ञापन

IPL 2024: मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड ने हार्दिक पंड्या के जसप्रीत बुमराह की जगह गेंदबाजी की शुरुआत करने के निर्णय का समर्थन किया और साथ ही कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2024) में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में कप्तान को सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजना सामूहिक फैसला था. मुंबई ने बल्लेबाजी को लेकर अजीब तरह की रणनीति अपनाई तथा जिस मैच में एक समय वह जीत की तरफ बढ़ रहा था, उसमें आखिर में उसे 6 रन से हार का सामना करना पड़ा. इससे पहले मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और बुमराह की जगह हार्दिक ने गेंदबाजी का आगाज किया.

IPL 2024: हार्दिक गुजरात के लिए भी नई गेंद से करते थे गेंदबाजी

पोलार्ड ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘आपको रणनीति बनानी होगी और फैसला करना होगा कि एक टीम के रूप में आप क्या चाहते हैं. हार्दिक पांड्या ने पिछले दो वर्षों में गुजरात की तरफ से भी नई गेंद से गेंदबाजी की थी. वह नई गेंद को स्विंग कराता है और अच्छी गेंदबाजी करता है, इसलिए इसमें कुछ भी नया नहीं है.’ उन्होंने कहा, ‘हमने नई गेंद के स्विंग होने का फायदा उठाने की कोशिश की. जब आप उसके फैसले को देखते हो तो उसमें कुछ भी गलत नजर नहीं आता.’

IPL 2024: हार्दिक को सातवें नंबर पर भेजना सामूहिक फैसला

हार्दिक को सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजने के बारे में पोलार्ड ने कहा कि यह केवल कप्तान का फैसला नहीं था. उन्होंने कहा, ‘कोई भी फैसला पूरी स्वायत्तता से नहीं लिया जाता है, इसलिए हम यह नहीं कह सकते कि यह उसका फैसला था. एक टीम के तौर पर हमारी अपनी रणनीति थी और हमने बल्लेबाजी क्रम पर भी चर्चा की थी.’ पोलार्ड ने कहा, ‘हम एक टीम के रूप में फैसला लेते हैं इसलिए यह कहना सही नहीं होगा की हार्दिक ने फैसला लिया या हार्दिक ने ऐसा किया. हम एक टीम हैं और हम सामूहिक तौर पर फैसले करते हैं.’

IPL 2024: गुजरात ने मुंबई को 6 रन से हराया

रविवार की रात मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. शुभमन गिल की अगुवाई में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात की टीम ने 20 ओवर में 168 रन बनाए. साई सुदर्शन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 45 रनों की पारी खेली. गिल के बल्ले से भी 31 रन निकले. जवाब में मुंबई की टीम नौ विकेट खोकर 20 ओवर में केवल 162 रन ही बना पाई और मैच 6 रन से हार गई. रोहित शर्मा ने 43 रनों की तेज पारी खेली, जबकि हार्दिक 11 रन ही बना सके.

विज्ञापन
Agency

लेखक के बारे में

By Agency

Agency is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola