ICC Rankings: वनडे रैंकिंग में बड़ा बदलाव, रोहित शर्मा से छीनी बादशाहत, यह किवी खिलाड़ी बना नंबर 1

रोहित शर्मा को ICC वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में नुकसान, फोटो- सोशल मीडिया (एक्स)
ICC Rankings: आईसीसी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में इस सप्ताह बड़ा उलटफेर देखा गया. न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल शानदार प्रदर्शन के दम पर पहली बार नंबर 1 बन गए, जबकि रोहित शर्मा एक स्थान फिसलकर दूसरे नंबर पर पहुंच गए. इब्राहिम जादरान की रैंकिंग घटी, वहीं बाबर आजम और श्रेयस अय्यर को फायदा मिला.
ICC Rankings: आईसीसी की ताजा वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग (ICC ODI Batting Ranking) में इस बार बड़ा बदलाव देखने को मिला है. टीम इंडिया के दिग्गज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) पहले स्थान से खिसककर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. उनकी जगह न्यूजीलैंड के मजबूत बल्लेबाज डेरिल मिचेल (Daryl Mitchell) ने नंबर 1 की कुर्सी पर कब्जा कर लिया है. खास बात यह है कि दोनों खिलाड़ियों के बीच सिर्फ एक अंक का फर्क है, इसलिए आने वाली रैंकिंग में फिर बदलाव संभव है. वहीं कई अन्य खिलाड़ियों की रैंकिंग में भी बड़ा उतार–चढ़ाव देखने को मिला है. पाकिस्तान के बाबर आजम को भी हल्का फायदा हुआ है.
डेरिल मिचेल पहली बार वनडे में टॉप पर पहुंचे
न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने इस बार आईसीसी वनडे रैंकिंग में इतिहास रच दिया है. वे पहली बार दुनिया के नंबर 1 बल्लेबाज बने हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ ताजा वनडे मैच में उन्होंने 119 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था. इसी दमदार प्रदर्शन का उन्हें बड़ा फायदा मिला. आईसीसी की नई रैंकिंग में मिचेल को दो स्थान का फायदा हुआ और अब उनकी रेटिंग 782 अंक पहुंच गई है, जो उनके करियर की अब तक की सबसे ऊंची रेटिंग है. यह उपलब्धि न्यूजीलैंड क्रिकेट के लिए भी खास है, क्योंकि वनडे रैंकिंग में हाल के समय में न्यूजीलैंड के कम ही बल्लेबाज टॉप पर पहुंचे हैं.
रोहित शर्मा को रैंकिंग में हुआ नुकसान
टीम इंडिया के स्टार प्लेयर रोहित शर्मा इस बार एक स्थान फिसलकर दूसरे नंबर पर आ गए हैं. उनकी रेटिंग 781 अंक है, यानी मिचेल से सिर्फ 1 अंक कम. यह मामूली अंतर बताता है कि अगर रोहित अगले वनडे मैच में अच्छा प्रदर्शन करते हैं और मिचेल का प्रदर्शन औसत रहता है, तो रोहित दोबारा टॉप स्थान हासिल कर सकते हैं. रोहित पिछले कुछ महीनों से लगातार शानदार फॉर्म में हैं, जिसकी वजह से वे लंबे समय बाद वनडे बल्लेबाजी में फिर से नंबर 1 बने थे. लेकिन इस हफ्ते रैंकिंग में मामूली गिरावट आई है.

इब्राहिम जादरान की रैंकिंग में गिरावट
अफगानिस्तान के युवा बल्लेबाज इब्राहिम जादरान को इस बार एक स्थान का नुकसान हुआ है. वे तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं और उनकी रेटिंग 764 अंक है.
वहीं भारत के दो स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल और विराट कोहली अपनी-अपनी चौथी और पांचवीं रैंक पर बने हुए हैं. गिल की पिछली सीरीजों में निरंतर प्रदर्शन की वजह से उनकी रैंकिंग मजबूत बनी हुई है. विराट कोहली भी लिस्ट में स्थिर बने हुए हैं और टॉप-5 में शामिल रहने वाले दुनिया के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक हैं.
बाबर आजम को मिला फायदा
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज बाबर आजम को इस बार थोड़ा फायदा हुआ है. उन्हें एक स्थान की बढ़त मिली है और वे 622 अंक के साथ छठे स्थान पर पहुंच गए हैं. हाल ही में वे लगातार रन नहीं बना सके थे जिसके कारण उनकी रैंकिंग नीचे आ गई थी, लेकिन इस सप्ताह उन्हें हल्का सुधार मिला है. बाबर दुनिया के उन बल्लेबाजों में से हैं जो हर रैंकिंग चक्र में मजबूत वापसी की क्षमता रखते हैं.
श्रेयस अय्यर की रैंकिंग में बढ़त
टीम इंडिया के खिलाड़ी श्रेयस अय्यर ने भी अपनी रैंकिंग में सुधार किया है. वे इस बार एक स्थान ऊपर बढ़कर नंबर 8 पर आ गए हैं और उनके रेटिंग पॉइंट 700 हो गए हैं. श्रेयस लगातार टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी साबित हुए हैं. वहीं श्रीलंका के चरित असलंका को तीन स्थान का भारी नुकसान झेलना पड़ा है और वे अब नंबर 9 पर पहुंच गए हैं. वेस्टइंडीज के भरोसेमंद खिलाड़ी शे होप अभी भी अपनी नंबर 10 की पोजिशन बनाए हुए हैं.
ये भी पढ़ें-
Viral Video: IND vs PAK मैच में खिलाड़ियों के बीच हुई लडाई! जानें क्या है इसके पीछे का सच?
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




