ePaper

पुणे में दक्षिण अफ्रीका से दूसरा टेस्ट मैच आज, वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने उतरेगा भारत

Updated at : 10 Oct 2019 6:56 AM (IST)
विज्ञापन
पुणे में दक्षिण अफ्रीका से दूसरा टेस्ट मैच आज, वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने उतरेगा भारत

सीरीज में 1-0 से आगे है कोहली टीम पुणे : जीत के रथ पर सवार भारतीय टीम गुरुवार से यहां शुरू हो रहे दूसरे क्रिकेट टेस्ट में उतरेगी, तो उसका इरादा इस लय को कायम रखते हुए सीरीज जीतने का होगा, जबकि दक्षिण अफ्रीका शर्मनाक हार के गम को भुलाकर सीरीज में अपना अस्तित्व बनाये […]

विज्ञापन

सीरीज में 1-0 से आगे है कोहली टीम

पुणे : जीत के रथ पर सवार भारतीय टीम गुरुवार से यहां शुरू हो रहे दूसरे क्रिकेट टेस्ट में उतरेगी, तो उसका इरादा इस लय को कायम रखते हुए सीरीज जीतने का होगा, जबकि दक्षिण अफ्रीका शर्मनाक हार के गम को भुलाकर सीरीज में अपना अस्तित्व बनाये रखने उतरेगा. इस जीत से भारत के नाम घरेलू जमीन पर लगातार 11 सीरीज जीतने का विश्व रिकॉर्ड भी हो जायेगा.

विशाखापत्तनम में पहले टेस्ट में विराट कोहली की टीम ने 203 रन से जीत दर्ज की. अब पुणे में ही सीरीज अपने नाम करने के लिए वे कोई कोताही बरतना नहीं चाहेंगे. लगभग ‘परफेक्ट’ प्रदर्शन में सुधार की गुंजाइश नहीं रहती, लेकिन कोहली हर बार एक नयी चुनौती तलाश लेते हैं. भले ही सामना ऐसी टीम से है, जो लगातार पांच दिन चुनौती देने की स्थिति में नहीं है.

रोहित लगातार दो शतक जमाकर टेस्ट क्रिकेट में एक बेहतरीन सलामी बल्लेबाज के रूप में उभरने का संकेत दे चुके हैं. मयंक भी हर मौके को भुनाने के फन में माहिर हैं.

विशाखापत्तनम में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला दोहरा शतक जड़ा, जिससे कम से कम घरेलू हालात में तो भारत की शीर्षक्रम की समस्या सुलझाती नजर आ रही है. भारत को इसके बाद बांग्लादेश से भी दो टेस्ट खेलने हैं. रोहित और मयंक के अलावा भारत के पास कोहली, पुजारा, रहाणे और हनुमा विहारी जैसे बल्लेबाज भी हैं. पिछली बार 2017 में स्पिनरों की मददगार पिच पर ऑस्ट्रेलिया के नाथन लियोन ने भारतीय बल्लेबाजों की हालत खस्ता कर दी थी.

10 लगातार घरेलू टेस्ट सीरीज जीत चुका है भारत. पुणे में जीत हासिल करते ही वह 11 टेस्ट सीरीज जीतनेवाला पहला देश बनेगा.

10 -10 लगातार घरेलू टेस्ट सीरीज ऑस्ट्रेलिया ने दो बार जीते हैं. स्टीव वॉ और मार्क टेलर की कप्तानी तथा पोंटिंग की कप्तानी में ऐसा किया था.

2013 से नहीं हारा है कोई सीरीज : ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज को 2 बार हरा चुका है भारत

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को साल 2013 में टेस्ट सीरीज में हराया था और इसके बाद से लगातार 10 टेस्ट सीरीज अपने घर में जीत चुका है. साल 2013 से लेकर अब तक भारत ने बांग्लादेश, श्रीलंका, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड की टीम को 1-1 बार अपने घर में टेस्ट सीरीज हराया है. भारत ने ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज को 2-2 बार अपने घर पर टेस्ट सीरीज में मात दी है.

भारत : विराट कोहली (कप्तान), मयंक अग्रवाल, रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, हनुमा विहारी, रिषभ पंत, रिद्धिमान साहा, रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, उमेश यादव, इशांत और शुभमन गिल.

दक्षिण अफ्रीका: फाफ डु प्लेसी (कप्तान), तेम्बा बावुमा, थ्युनिस डि ब्रुईन, क्विंटन डिकॉक, डीन एल्गर, जुबैर हमजा, केशव महाराज, एडन मार्कराम, सेनुरन मुथुसामी, लुंगी एनगिडी, एरिक नॉर्टजे, वरनन फिलेंडर, डेन पीट, कागिसो रबादा और रूडी सेकेंड.

पुणे में भारत का रिकॉर्ड खराब

23 फरवरी, 2017 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पुणे में भारत ने एक ही टेस्ट मैच खेला है और भारतीय टीम को 333 रन से हार का सामना करना पड़ा था.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola