INDvsSL : भारत ने पहले टी-20 में श्रीलंका को 93 रन से हराया, सीरीज पर 1-0 की बढ़त

कटक :केएल राहुल (61) और महेंद्र सिंह धौनी (नाबाद 39) की धमाकेदार पारी के बाद गेंदबाजों की घातक गेंदबातजी के दम पर भारत ने श्रीलंका को 87 रन पर ढेर कर दिया और तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. भारत के 180 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई […]
कटक :केएल राहुल (61) और महेंद्र सिंह धौनी (नाबाद 39) की धमाकेदार पारी के बाद गेंदबाजों की घातक गेंदबातजी के दम पर भारत ने श्रीलंका को 87 रन पर ढेर कर दिया और तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. भारत के 180 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम पर चहल और कुलदीप यादव कहर बनकर उतरे और लगातार अंतराल पर झटका दिया.चहल ने 4 ओवर की गेंदबाजी में 23 रन देकर चार विकेट लिये. वहीं कुलदीप 4 ओवर में 18 रन देकर दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. एक विकेट उनादकट के खाते में गया. हार्दिक पांड्या ने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 खिलाडियों को आउट किया.
सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के अर्धशतक तथा डेथ ओवरों के आक्रामक तेवरों के दम पर भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में यहां तीन विकेट पर 180 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. शिखर धवन को विश्राम देने के कारण अंतिम एकादश में जगह बनाने वाले राहुल ने मौके का पूरा फायदा उठाकर 48 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 61 रन बनाये, लेकिन वह चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिये उतरे महेंद्र सिंह धौनी (22 गेंदों पर नाबाद 39) और मनीष पांडे (18 गेंदों पर नाबाद 32) थे जिन्होंने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. इन दोनों ने 33 गेंदों पर 68 रन की अटूट साझेदारी की.
इनमें से 61 रन आखिरी चार ओवरों में बने. क्रिकेट के इस सबसे छोटे प्रारुप में पहली बार भारतीय टीम की कमान संभाल रहे रोहित शर्मा का टास ने साथ नहीं दिया और इसके बाद वह लंबी पारी खेलने में भी नाकाम रहे. रोहित और राहुल ने मिलकर टीम को सहज शुरुआत दिलायी. इस बीच रोहित टी20 अंतरराष्ट्रीय में 1500 रन पूरे करने वाले भारत के दूसरे (विराट कोहली के बाद) और विश्व के 13वें बल्लेबाज बने लेकिन एंजेलो मैथ्यूज की फुललेंथ गेंद पर वह सही टाइमिंग से शाट नहीं लगा पाये और दुशमंत चमीरा ने दौडकर उसे कैच में बदल दिया. रोहित ने 13 गेंदों पर 17 रन बनाये.
मैथ्यूज गेंद की सीम को अच्छी तरह से हिट करा रहे थे जिससे उनके सामने खुलकर खेलना मुश्किल था लेकिन राहुल उनकी एक गेंद को स्क्वायर लेग के पीछे छह रन के लिये भेजने में कामयाब रहे. राहुल ने इसके बाद 35 गेंदों पर टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया. इस बीच वह डीआरएस का सहारा लेकर पगबाधा आउट होने से भी बचे. श्रीलंका ने हालांकि 11वें से 16वें ओवर तक केवल 35 रन दिये और इस बीच श्रेयस अय्यर और राहुल के महत्वपूर्ण विकेट लिये.
वनडे में दो अर्धशतक जडने वाले अय्यर (24) ने चमीरा पर शुरू में जमाये गये दो चौकों से अपना आत्मविश्वास दिखाया, लेकिन वह यहां लंबी पारी नहीं खेल पाये. नुवान प्रदीप की गेंद थर्ड मैन पर खेलने के प्रयास में उन्होंने विकेटकीपर निरोशन डिकवेला को कैच थमाया.
राहुल भी इसके तुरंत बाद परेरा की धीमी गेंद को चूककर बोल्ड हो गये. धौनी को पिछले कुछ समय से नंबर चार पर उतारने की बात चल रही थी और रोहित ने आज इस पर अमल किया. उन पर डेथ ओवरों की जिम्मेदारी थी और उन्होंने इसे अपने सहज अंदाज में इसे निभाया. उनके ताकत से भरे शाट और पांडे की बेपरवाह अंदाज में की गयी लप्पेबाजी ने दर्शकों का अच्छा मनोरंजन किया.
पांडे का चमीरा पर मिडविकेट पर लगाया गया छक्का गगनदायी और प्रदीप की गेंद पर थर्डमैन पर जमाया गया छक्का अपर कट का शानदार नमूना था. धौनी ने चार चौकों के अलावा पारी की आखिरी गेंद पर छक्का भी जड़ा.
श्रीलंका :तिसारा परेरा (कप्तान), उपुल थरंगा, निरोशन डिकवेला, कुशाल परेरा, एंजेलो मैथ्यूज, असेला गुणरत्ने, दासुन शनाका,दुष्मंता चामीरा, विश्वा फर्नांडो, नुवान प्रदीप और धनंजय.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




