जम्मू कश्मीर ने रचा इतिहास, 67 साल में पहली बार जीता रणजी ट्रॉफी, कर्नाटक को हराया

रणजी ट्रॉफी 2026 में जीत के बाद जम्मू कश्मीर टीम. फोटो- एक्स.
Ranji Trophy 2026: रणजी ट्रॉफी 2026 में जम्मू कश्मीर ने इतिहास रच दिया. कर्नाटक को हराकर जम्मू ने पहली बार इस कप को जीता. इस जीत ने राज्य में क्रिकेट के बढ़ते स्तर को साफ दर्शाया है.
Ranji Trophy 2026: जम्मू-कश्मीर क्रिकेट के लिए शनिवार, 28 फरवरी का दिन ऐतिहासिक बन गया. टीम ने पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीतकर 67 साल का लंबा इंतजार खत्म कर दिया. हुबली में खेले गए फाइनल मुकाबले में कर्नाटक के खिलाफ मैच ड्रॉ रहा, लेकिन पहली पारी की बढ़त के आधार पर जम्मू-कश्मीर को विजेता घोषित किया गया.
फाइनल मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी पहली पारी में 584 रन बनाए. बल्लेबाजों ने धैर्य और संयम के साथ खेलते हुए कर्नाटक के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा. इसके जवाब में कर्नाटक की टीम पहली पारी में सिर्फ 293 रन ही बना सकी. इस तरह जम्मू-कश्मीर को 291 रन की बड़ी बढ़त मिल गई.
आमतौर पर इतनी बढ़त मिलने पर टीम सामने वाली टीम को फॉलोऑन देती है, लेकिन जम्मू-कश्मीर ने रणनीतिक रूप से दूसरी पारी खेलने का फैसला किया. दूसरी पारी में टीम ने मजबूती से बल्लेबाजी जारी रखी. पांचवें और अंतिम दिन जम्मू-कश्मीर ने चार विकेट पर 342 रन बना लिए थे.
इस दौरान कामरान इकबाल और साहिल लोत्रा ने शानदार शतक जड़े. इकबाल ने 160 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि लोत्रा 101 रन बनाकर क्रीज पर डटे रहे. दोनों बल्लेबाजों ने अंतिम दिन कर्नाटक को एक भी विकेट नहीं लेने दिया. जम्मू-कश्मीर ने सुबह अपनी पारी 4 विकेट पर 186 रन से आगे बढ़ाई थी और पूरे दिन बल्लेबाजी में नियंत्रण बनाए रखा.
जब जम्मू-कश्मीर की कुल बढ़त 633 रन हो गई, तब दोनों टीमों के कप्तानों ने आपसी सहमति से मैच ड्रॉ करने का फैसला किया. पहली पारी की बढ़त के कारण जम्मू-कश्मीर को विजेता घोषित किया गया.
यह जीत जम्मू-कश्मीर क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय है. पहली बार रणजी ट्रॉफी जीतकर टीम ने साबित कर दिया कि मेहनत, धैर्य और सही रणनीति से किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें:- MS Dhoni को झारखंड आवास बोर्ड ने भेजा नोटिस, घर पर पैथलैब खोलने का है मामला
ये भी पढ़ें:- सुपर-8: इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को हराया, दो खिलाड़ियों ने पलटा मैच; पाकिस्तान की सेमीफाइनल उम्मीदें अब भी जिंदा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anant Narayan Shukla
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




