INDvsSL : एक मात्र टी20 मुकाबला कल, श्रीलंका पर भारी दबाव
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 05 Sep 2017 3:10 PM
विज्ञापन
* मैच का समय : शाम सात बजे से. कोलंबो : श्रीलंका दौरे पर टेस्ट और वनडे श्रृंखला के सारे मैच जीत चुकी भारतीय क्रिकेट टीम अब आखिरी टी20 मैच भी अपने नाम करके पूरी ‘क्लीन स्वीप ‘ के साथ लौटना चाहेगी. मौजूदा फार्म को देखते हुए भारत की जीत मुश्किल नहीं लग रही. भारत […]
विज्ञापन
* मैच का समय : शाम सात बजे से.
कोलंबो : श्रीलंका दौरे पर टेस्ट और वनडे श्रृंखला के सारे मैच जीत चुकी भारतीय क्रिकेट टीम अब आखिरी टी20 मैच भी अपने नाम करके पूरी ‘क्लीन स्वीप ‘ के साथ लौटना चाहेगी. मौजूदा फार्म को देखते हुए भारत की जीत मुश्किल नहीं लग रही.
भारत ने टेस्ट श्रृंखला 3-0 और वनडे श्रृंखला 5-0 से अपने नाम की. इस मैच से भारत को ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी घरेलू टी20 श्रृंखला की तैयारी में मदद मिलेगी. भारत इस घरेलू सत्र में कुल नौ अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेलेगा और सभी श्रृंखलाओं में तीन मैच खेले जायेंगे.
भारत 2019 में इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप से पहले प्रयोग कर रहा है और यहां ऋषभ पंत को आजमाया जा सकता था जिसका नाम टीम में नहीं है. शिखर धवन पिछले सप्ताह अपनी बीमार मां के पास स्वदेश लौट चुके हैं और ऐसे में टीम प्रबंधन के पास पंत को भेजने का मौका था. पांचवें वनडे में पारी का आगाज धवन की जगह अजिंक्य रहाणे ने किया था. पंत इससे पहले इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टी20 मैच खेल चुके हैं लेकिन भारत ए के लिये दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खराब प्रदर्शन के कारण इस दौरे सब बाहर हैं.
वेस्टइंडीज के खिलाफ एकमात्र टी20 मैच में विराट कोहली ने धवन के साथ पारी का आगाज किया था और पंत तीसरे नंबर पर उतरे थे. इन दोनों की गैर मौजूदगी में कप्तान कोहली को कुछ बदलाव करने होंगे. रोहित शर्मा की टी20 टीम में वापसी होगी जो वेस्टइंडीज नहीं गए थे. केएल राहुल और मनीष पांडे मध्यक्रम में होंगे. केदार जाधव ने आखिरी वनडे में अर्धशतक बनाया था जिन्हें एक और मौका दिया जा सकता है.
हार्दिक पांड्या को पांचवें मैच में आराम दिया गया जो अंतिम एकादश में लौट सकते हैं. उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत का आखिरी टी20 मैच नहीं खेला था जब कोहली ने पांच पूर्णकालिक गेंदबाजों को उतारा था. उनके अंतिम एकादश में आने से गेंदबाजी संयोजन वनडे की तरह होगा जिसमें चार पूर्णकालिक गेंदबाजों में से चयन होगा.
जसप्रीत बुमरा का खेलना तय है लेकिन यह देखना होगा कि क्या शरदुल ठाकुर को फिर मौका मिलता है या नहीं. आखिरी मैच में वह भुवनेश्वर कुमार की जगह खेले लेकिन महंगे साबित हुए. कोहली टी20 में लेग स्पिनर को उतारना चाहते हैं क्योंकि इंग्लैंड के खिलाफ नागपुर और बेंगलूरु में उन्होंने युजवेंद्र चहल और अमित मिश्रा दोनों को मौका दिया था. इस बार वह चहल और कुलदीप यादव को उतार सकते हैं.
इस बीच श्रीलंका ने अपनी मूल टी20 टीम में बदलाव किये हैं. लेग स्पिनर जाफरी वांडेरसे और सीम गेंदबाजी हरफनमौला दासुन शनाका को टीम में शामिल किया गया है.तेज गेंदबाज सुरंगा लकमल भी चोट से उबरकर लौटे हैं. स्पिनर अकिला धनंजया को भी टीम में शामिल किया गया है.
लेग स्पिनर लक्षण संदाकन को टीम में जगह नहीं मिली है. तेज गेंदबाज विश्वा फर्नांडो और दुष्मंता चामीरा भी बाहर हैं. लसिथ मलिंगा फिर टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं.सभी की नजरें हालांकि उपुल थरंगा पर लगी होगी. एंजेलो मैथ्यूज के कप्तानी छोड़ने के बाद यह उनका बतौर कप्तान पहला टी20 मैच होगा. आईसीसी रैंकिंग में भारत पांचवें और श्रीलंका आठवें स्थान पर है यानी बहुत फर्क नहीं है.
टीमें :
भारत : विराट कोहली ( कप्तान), रोहित शर्मा, केएल राहुल, मनीष पांडे, अजिंक्य रहाणे, केदार जाधव, एम एस धोनी, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमरा, भुवनेश्वर कुमार, शरदुल ठाकुर.
श्रीलंका : उपुल थरंगा (कप्तान), एंजेलो मैथ्यूज, निरोशन डिकवेला, दिलशान मुनावीरा, दासुन शनाका, मिलिंदा सिरिवर्धना, वानिंदु हसरंगा, अकिला धनंजय, जाफरी वांडेरेसे, इसुरु उडाना, सीकुगे प्रसन्ना, तिसारा परेरा, लसिथ मलिंगा, सुरंगा लकमल, विकुल संजया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










