Samastipur News: सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिला मजदूर का शव,चिमनी संचालक पर लगा हत्या का आरोप

मृतक की फाइल फोटो
Samastipur News: वारिसनगर में चिमनी मजदूर नन्हकी राम का शव संदिग्ध हालत में सड़क किनारे मिला. परिजनों ने बकाया मजदूरी विवाद में चिमनी संचालक पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. पढ़ें पूरी खबर…
Samastipur News: वारिसनगर थानाक्षेत्र अंतर्गत किशनपुर बैकुंठ गांव में रविवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ. मृतक की पहचान 45 वर्षीय नन्हकी राम उर्फ धर्मवीर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से दरभंगा जिले के बहेड़ी के निवासी थे और पिछले कई वर्षों से अपने ससुराल किशनपुर बैकुंठ में रह रहे थे. रविवार सुबह गांव में एक ट्रैक्टर के पास उनका शव लावारिस हालत में मिला.
मजदूरी मांगने गए थे,अब मिला शव
मृतक के भतीजे जीवछ राम ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि नन्हकी राम पिछले छह माह से स्थानीय गोपाल चिमनी में मजदूरी करते थे. उनका पिछले तीन दिनों का पारिश्रमिक बकाया था, जिसे मांगने के लिए वे दो दिन पहले चिमनी मालिक के पास गए थे. इसके बाद रविवार को उनका शव बरामद हुआ. परिजनों का आरोप है कि पारिश्रमिक विवाद को लेकर चिमनी संचालक ने उनकी हत्या कर दी है. हालांकि, कुछ स्थानीय ग्रामीण इसे सड़क दुर्घटना का मामला भी बता रहे हैं.
पुलिस जांच में जुटी,पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
घटना की सूचना मिलते ही वारिसनगर थानाध्यक्ष सर्वेश झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और परिजनों से आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी.
समस्तीपुर से अंकुर कुमार की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










