रोहतास के डेहरी इंडस्ट्रियल एरिया की बढ़ी परेशानी: 1 साल से बिजली कनेक्शन ठप, मोबाइल टावर न होने से इंटरनेट बंद

Updated:
विज्ञापन

बैठक में मौजूद लौग

Rohtas Industrial Area News: रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन में चैंबर ऑफ कॉमर्स की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई. अध्यक्ष सच्चिदानंद प्रसाद की अगुवाई में हुई इस बैठक में इंडस्ट्रियल एरिया में बिजली कनेक्शन न मिलने, इंटरनेट ठप रहने और मुद्रा लोन जैसी गंभीर समस्याओं पर चर्चा कर समाधान की मांग की गई. पढ़ें रिपोर्ट.

विज्ञापन

Rohtas Industrial Area News (मुकेश पांडेय): रोहतास जिले के प्रमुख औद्योगिक केंद्र डेहरी ऑन सोन के इंडस्ट्रियल एरिया से इस वक्त स्थानीय बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक शिथिलता को उजागर करने वाली एक बड़ी खबर सामने आ रही है. डेहरी इंडस्ट्रियल एरिया में उद्योग लगाने वाले नए और पुराने उद्यमियों को हो रही गंभीर परेशानियों को लेकर शनिवार को पाली रोड स्थित एक होटल में चैंबर ऑफ कॉमर्स की एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई. जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सच्चिदानंद प्रसाद की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कड़े सुरों में औद्योगिक क्षेत्र की बदहाली पर चर्चा की गई और इन समस्याओं का त्वरित समाधान न होने पर चरणबद्ध आंदोलन और प्रशासनिक घेराव की रूपरेखा तैयार की गई.

साल भर से बिजली गुल, टावर बिना इंटरनेट ठप

बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए चैंबर के अध्यक्ष सच्चिदानंद प्रसाद ने उन प्रमुख बाधाओं की सूची साझा की जो क्षेत्र में नए निवेश को पूरी तरह रोक रही हैं. उद्यमियों ने सबसे बड़ी समस्या मोबाइल कनेक्टिविटी की बताई. इंडस्ट्रियल एरिया में एक भी मोबाइल टावर न होने के कारण पूरा इंटरनेट सिस्टम ठप रहता है, जिससे डिजिटल लेनदेन और ऑनलाइन काम पूरी तरह प्रभावित हैं. बैठक में यह बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया कि ‘आई जी एण्ड संस’ नामक एक नई इंडस्ट्री पिछले लगभग एक वर्ष से सिर्फ एक विद्युत कनेक्शन के लिए बिजली विभाग के चक्कर काट रही है, लेकिन अब तक उन्हें कनेक्शन नहीं मिल पाया है. चैंबर ने इस पर कड़ा ऐक्शन लेते हुए विभाग के वरीय अधिकारियों से तुरंत संपर्क साधा है.

बैंक लोन और सड़कों का बुरा हाल

बैठक के दौरान दूसरी बड़ी समस्या ‘पारस उद्योग’ की तरफ से उठाई गई, जिन्हें अपना व्यापार बढ़ाने के लिए मुद्रा लोन की सख्त जरूरत है लेकिन स्थानीय बैंकों द्वारा लगातार हीलाहवाली की जा रही है. चैंबर के पदाधिकारियों ने संबंधित बैंक प्रबंधकों से बात कर जल्द से जल्द लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिया है. इसके अलावा, सबसे वीआईपी यूनिट ‘सुधा डेयरी’ के ठीक सामने की मुख्य सड़क की स्थिति इतनी जर्जर है कि भारी वाहनों का आना-जाना दूभर हो गया है. सड़क निर्माण को लेकर कलेक्ट्रेट और नगर परिषद के संबंधित अधिकारियों से बात की गई है, जहां से जल्द काम शुरू करने का आश्वासन मिला है.

बैठक में जुटे जिले के दिग्गज कारोबारी

इस महत्वपूर्ण और निर्णयकारी बैठक में व्यापारिक जगत के कई बड़े चेहरे एक साथ एक मेज पर दिखाई दिए.

बैठक में मुख्य रूप से इंडस्ट्रियल एरिया के इंचार्ज अभय कुमार, प्रमुख उद्यमी उदय शंकर, राजू प्रसाद, मिराज अंसारी, राहुल कुमार, सलाहुद्दीन, अनवर अंसारी और आलोक कुमार सहित दर्जनों सक्रिय सदस्य उपस्थित थे. सभी ने एक सुर में कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर बिजली, सड़क और नेटवर्क के बुनियादी कामों में प्रगति नहीं दिखी, तो चैंबर ऑफ कॉमर्स का एक प्रतिनिधिमंडल सीधे जिलाधिकारी (DM) से मिलकर कड़ा विरोध दर्ज कराएगा. इस बैठक के बाद स्थानीय उद्यमियों के बीच अपनी मांगों को लेकर भारी सरगर्मी देखी जा रही है.

Also Read: नालंदा के करायपरसुराय 22 दिव्यांगों में बांटी गई बैटरी ट्राई साइकिल; विधायक बोले “मुख्यधारा से जुड़ेंगे लोग”

Also Read: बिहार सब-जूनियर हैंडबॉल के फाइनल में नवादा ने पटना को 12-06 से हराया; जानिए किसे मिला बेस्ट खिलाड़ी का अवॉर्ड

विज्ञापन
Aditya Kumar Ravi

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

बिहार के रहने वाले आदित्य कुमार रवि को पढ़ने-लिखने का बेहद शौक है। वे साहित्य, ग़ज़ल और कविता से गहरा लगाव रखते हैं। किताबों के साथ-साथ वे खेल के भी शौकीन हैं और क्रिकेट में काफी दिलचस्पी रखते हैं। फुर्सत के समय में उन्हें फ़िल्में देखना पसंद है। राजनीति को वे बहुत करीब से देखते और समझते हैं, इसलिए वे खुद को राजनीति का एक समर्पित छात्र मानते हैं। पत्रकारिता आदित्य का जुनून है और वे ज़मीन से जुड़ी खबरों को सामने लाने के लिए ग्राउंड रिपोर्टिंग करना पसंद करते हैं। उन्हें खास तौर पर गहराई से की जाने वाली खोजी खबरों और आंकड़ों पर आधारित डेटा स्टोरीज पर काम करना अच्छा लगता है। इसके अलावा, उन्हें न्यूज़ एंकरिंग और न्यूज़ प्रोडक्शन का भी व्यावहारिक ज्ञान है। आदित्य के पास 'दैनिक भास्कर' के साथ काम करने का अनुभव है। फिलहाल, वे 'प्रभात खबर' में कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रहे हैं, जहाँ फील्ड से आने वाली खबरों को संवारने और उन्हें वेबसाइट पर पाठकों तक पहुँचाने की जिम्मेदारी वे बखूबी निभाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन