‘विकास दुबे’ जैसा कांड करने की धमकी देने वाला सर्वेश चौधरी घर छोड़ कर भागा, पीछे पड़ी है वैशाली पुलिस
आरोपी सर्वेश चौधरी
Sarvesh Chaudhry Viral Video : वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है. वीडियो में एक आरोपी पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए ‘विकास दुबे जैसा कांड’ करने की धमकी देता नजर आ रहा है.
Sarvesh Chaudhry Viral Video : (विनय पटेल) वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है. वीडियो में एक आरोपी पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए ‘विकास दुबे जैसा कांड’ करने की धमकी देता नजर आ रहा है. मुख्यमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी और पुलिस को चुनौती देने वाले इस वीडियो के वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई है.
Hajipur News : फेसबुक वीडियो से मचा हड़कंप
मामला बेलसर थाना क्षेत्र के माधोपुर राम गांव का है. यहां के निवासी सर्वेश चौधरी ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने पुलिस प्रशासन के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहीं और कार्रवाई होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी.
‘विकास दुबे जैसा कांड’ करने की दी धमकी
वायरल वीडियो में आरोपी यह कहते हुए दिखाई दे रहा है कि यदि पुलिस बिना सूचना उसके घर पहुंचती है तो वह ‘विकास दुबे जैसा कांड’ करेगा. उसने खुद को ‘शेर’ बताते हुए पुलिस को काउंटर करने की भी धमकी दी. वीडियो में शराबबंदी कानून को लेकर भी टिप्पणी की गई है.
एसपी के निर्देश पर शुरू हुई ताबड़तोड़ छापेमारी
वैशाली एसपी विक्रम सिहाग के निर्देश पर बेलसर थाना पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया.
पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है आपराधिक इतिहास
पुलिस सूत्रों के अनुसार सर्वेश चौधरी का आपराधिक इतिहास पुराना रहा है. उसके खिलाफ बेलसर थाना में कई मामले दर्ज हैं. बताया जाता है कि वर्ष 2005 में भी पुलिस छापेमारी के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके बाद उसे हथियार के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था.
छापेमारी के बाद पोस्ट किया गया वीडियो
जानकारी के मुताबिक पुलिस शुक्रवार रात न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची थी. गिरफ्तारी नहीं होने के बाद अगले दिन आरोपी ने फेसबुक पर वीडियो अपलोड कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया.
Viral Crime Video Bihar पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
मुख्यमंत्री और पुलिस प्रशासन के खिलाफ कथित अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने तथा खुलेआम धमकी देने के मामले में बेलसर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
क्या बोले प्रभारी थानाध्यक्ष
प्रभारी थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए