बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाना हम सबकी जिम्मेदारी : खेमका

विधायक विजय खेमका ने कहा
पूर्णिया. विधायक विजय खेमका ने कहा है कि एनडीए सरकार का लक्ष्य है, शिक्षा हर घर तक पहुंचे. इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि पूर्णिया में उच्च शिक्षा के लिए यूनिवर्सिटी, मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, एग्रीकल्चर कॉलेज और पॉलिटेक्निक कॉलेज संचालित हैं. इसके साथ ही, हर पंचायत में प्राथमिक से प्लस टू तक के सरकारी विद्यालयों में छात्र छात्राओं को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. इतना ही नहीं, पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सात उच्च उत्क्रमित विद्यालयों में आधुनिक भवन और लैब जैसी सुविधाओं का निर्माण कार्य शुरू किया गया है. विधायक ने कहा कि विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है. विधायक श्री खेमका बुधवार को पूर्णिया ईस्ट ब्लॉक अंतर्गत बियारपुर पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय पिपरा में प्रबंध समिति की बैठक में बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि जब विद्यालय परिवार मिलकर काम करता है, तो छात्र-छात्राओं की प्रतिभा निखरती है और वे पढ़ाई एवं खेल दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ते हैं. इससे पहले बैठक में विद्यालय के समग्र विकास को लेकर व्यापक चर्चा हुई. बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और छात्रों की सुविधा को लेकर सदस्यों ने अपने अपने सुझाव रखे. इस दौरान विद्यालय के विकास के लिए कई अहम निर्णय लिए गए तथा पूर्व की बैठको की कार्यवाही पर गम्भीरता से चर्चा की गई. विद्यालय में छात्र छात्राओं की सुविधा के लिए प्रबंध समिति के सदस्यों द्वारा सीलिंग पंख का सहयोग करने पर प्रधानाचार्य ने दानदाता का आभार व्यक्त किया. बैठक के बाद विधायक ने उच्च,मध्य एवं प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और जरुरतों को जाना. उन्होंने विद्यालय में शौचालय, मिड-डे मील और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण भी किया. बैठक में प्रधानाचार्य पूनम कुमारी, वरीय शिक्षक, शिक्षा प्रेमी, प्रबंध समिति के सदस्य एवं अभिभावकों के साथ नई प्रबंध समिति के शिक्षा प्रेमी मोहित कुमार, दाता सदस्य ब्रमानंद मंडल, सदस्य रविन्द्र यादव,मनोज मंडल,उषा देवी,पूजा देवी रीता कुमारी, सत्यभामा देवी, दिनेश मंडल, पप्पू राय, पानो देवी, बीरेंद्र सिंह प्रधानाचार्य यशवंत कुमार, नेहा कुमारी उपस्थित थी. विधायक ने विद्यालय परिवार के साथ वृक्षारोपण भी किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




