पलामू : वर्षों से सड़क की दुर्दशा झेल रहीं रांकी-हमीनपुर की महिलाओं ने डीसी को सुनाई पीड़ा

Updated:
विज्ञापन
फोटो कैप्शन : पलामू डीसी से जन समाधान दिवस में राकी- हमीनपुर गांव के मिलने पहुंची महिलाएं | Prabhat Khabar Network

फोटो कैप्शन : पलामू डीसी से जन समाधान दिवस में राकी- हमीनपुर गांव के मिलने पहुंची महिलाएं | Prabhat Khabar Network

पलामू के रांकी-हमीनपुर गांव की महिलाओं ने जर्जर सड़क की समस्या को लेकर डीसी से मुलाकात की। तीन दशकों से सड़क निर्माण का इंतजार कर रहे ग्रामीण परेशान हैं।

विज्ञापन

पलामू जिले के चैनपुर प्रखंड मुख्यालय से महज ढाई किलोमीटर की दूरी पर स्थित रांकी-हमीनपुर गांव के लोग पिछले तीन दशकों से सड़क की बदहाली का दंश झेल रहे हैं. इस गंभीर समस्या को लेकर गांव की दर्जनों महिलाएं समाहरणालय में आयोजित जन समाधान दिवस कार्यक्रम में पहुंचीं. महिलाओं ने जिला उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी व्यथा सुनाई.

वर्षों से नहीं हुई मरम्मत, कीचड़ से बच्चे और बुजुर्ग परेशान

महिलाओं ने डीसी को बताया कि इस सड़क का निर्माण करीब 30 वर्ष पहले हुआ था. इतने लंबे समय के बीत जाने के बाद भी आज तक सड़क की दोबारा मरम्मत नहीं कराई गई है. वर्तमान में सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. बारिश का मौसम आते ही पूरी सड़क टापू में बदल जाती है और हर तरफ कीचड़ जमा हो जाता है. इससे लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है. सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है. सड़क पर अत्यधिक कीचड़ होने के कारण बच्चे समय पर स्कूल भी नहीं जा पाते हैं.

जानलेवा बना नाले का छलका, एम्बुलेंस तक आना मुश्किल

ग्रामीण महिलाओं ने प्रशासन को अवगत कराया कि गांव को जोड़ने वाली इस मुख्य सड़क पर जल निकासी के लिए बनाया गया नाले का छलका (कल्वर्ट) अब जानलेवा साबित हो रहा है. पानी के लगातार बहाव के कारण छलके पर काई जमा हो गई है, जिससे भारी फिसलन रहती है. इस रास्ते से गुजरने के दौरान आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं. सड़क की बदतर स्थिति के कारण गांव में कोई भी चार पहिया वाहन नहीं आ पाता है. बच्चों की स्कूल बस हो या आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस, कोई भी गाड़ी गांव के भीतर प्रवेश नहीं कर पाती है.

विधायक पर गुमराह करने का आरोप, जनप्रतिनिधि उदासीन

महिलाओं ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विधायक के प्रति गहरा आक्रोश व्यक्त किया. उनका कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर स्थानीय विधायक पिछले चार वर्षों से जनता को सिर्फ गुमराह कर रहे हैं. विधायक द्वारा कई बार सड़क बनवाने का आश्वासन दिया गया और शिलान्यास करने की तारीखें भी तय हुईं, लेकिन धरातल पर आज तक कोई काम शुरू नहीं हुआ. प्रखंड मुख्यालय के बिल्कुल नजदीक होने के बावजूद प्रशासन ने भी इस दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की है.

डीसी ने दिया सड़क निर्माण का आश्वासन

महिलाओं ने डीसी को एक लिखित आवेदन सौंपकर जल्द से जल्द पक्की सड़क के निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की गुहार लगाई. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसी दिलीप प्रताप सिंह ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि प्रशासन इस मामले को प्राथमिकता पर लेगा और जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराया जायेगा.

मौके पर ये रहीं मौजूद

इस दौरान मुख्य रूप से कंचन देवी, पूनम देवी, अर्चना देवी, इंदू देवी, निरोता देवी, राजवंति देवी, रीता देवी, बबीता देवी, सरिता देवी, निर्मला देवी, वैद्य किरण देवी सहित गांव की कई अन्य महिलाएं उपस्थित थीं.


विज्ञापन
Chandra Shekhar Singh

लेखक के बारे में

By Chandra Shekhar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola