बदलती ऊर्जा कूटनीति के दौर में यूएइ का दांव

ऊर्जा कूटनीति का दौर
Energy diplomacy : खाड़ी सहयोग परिषद के भीतर भी मतभेद सामने आये हैं. यूएइ ने क्षेत्रीय सुरक्षा मुद्दों, खासकर ईरान के संदर्भ में, अधिक आक्रामक और स्पष्ट रुख अपनाने की इच्छा जतायी है. पर अपने सहयोगियों से उसे वैसा समर्थन नहीं मिला.
Energy diplomacy : ओपेक से यूएइ, यानी संयुक्त अरब अमीरात के बाहर निकलने का निर्णय एक सामान्य नीतिगत बदलाव नहीं है, बल्कि यह वैश्विक तेल राजनीति की उस संरचना में गहरी दरार को उजागर करता है, जिसने दशकों तक दुनिया के ऊर्जा बाजार को आकार दिया है. ओपेक लंबे समय तक तेल उत्पादक देशों के बीच सहयोग का प्रभावी मंच रहा, जिसने उन्हें सामूहिक रूप से उत्पादन नियंत्रित करने, कीमत स्थिर रखने और अपनी भू-राजनीतिक शक्ति बढ़ाने का अवसर दिया. पर यूएइ का यह कदम बताता है कि इस सामूहिक मॉडल की उपयोगिता पर सदस्य देश ही अब सवाल उठा रहे हैं.
इस फैसले के मूल में नियंत्रण का सवाल है. यूएइ ने पिछले कुछ साल में अपनी तेल उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए भारी निवेश किया है और खुद को एक कुशल और तकनीकी रूप से उन्नत उत्पादक के रूप में स्थापित किया है. फिर भी ओपेक की कोटा प्रणाली के तहत उसे अपना उत्पादन सीमित रखना पड़ा, ताकि वैश्विक कीमतों को सहारा दिया जा सके. यह व्यवस्था तब तक स्वीकार्य थी, जब तक सामूहिक अनुशासन से स्थिर आय सुनिश्चित थी. पर अब यह यूएइ के लिए बाधा बन गयी है. जो देश अपने मौजूदा तेल संसाधनों से अधिकतम लाभ उठाकर भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए पूंजी जुटाना चाहता है, उसके लिए उत्पादन पर प्रतिबंध तर्कसंगत नहीं रह गया है.
यहां एक विरोधाभास भी है. यूएइ लंबे समय से तेल पर अपनी निर्भरता घटाकर तकनीक, वित्त, पर्यटन और शिक्षा में निवेश कर रहा है, ताकि भविष्य में तेल की भूमिका घटने पर भी उसे परेशानी न हो. पर इसके लिए अभी तेल से अधिकतम राजस्व अर्जित करना जरूरी है. ऐसे में ओपेक की सीमाएं उसके लक्ष्यों से टकराती थीं. यूएइ के इस निर्णय के पीछे केवल आर्थिक कारण नहीं है. इसके पीछे का भू-राजनीतिक संदर्भ भी उतना ही महत्वपूर्ण है. खाड़ी क्षेत्र में ईरान से जुड़े मुद्दों और होर्मुज पर अस्थिरता के कारण तनाव बढ़ा है. अपने तेल निर्यात के लिए इन मार्गों पर निर्भर यूएइ के लिए यह स्थिति जोखिम भरी है. लिहाजा ऐसे संगठन का हिस्सा बने रहना उसे अनुपयोगी लग रहा था, जहां निर्णय सामूहिक सहमति से लिये जाते हैं और अक्सर धीमे होते हैं.
खाड़ी सहयोग परिषद के भीतर भी मतभेद सामने आये हैं. यूएइ ने क्षेत्रीय सुरक्षा मुद्दों, खासकर ईरान के संदर्भ में, अधिक आक्रामक और स्पष्ट रुख अपनाने की इच्छा जतायी है. पर अपने सहयोगियों से उसे वैसा समर्थन नहीं मिला. ऐसे में सऊदी अरब के प्रभाव वाले ढांचे से दूरी बनाना एक राजनीतिक संकेत भी है कि यूएइ अब अपनी स्वतंत्र रणनीतिक दिशा तय करना चाहता है.
सऊदी अरब के लिए यह स्थिति चुनौतीपूर्ण है. ओपेक में उसकी नेतृत्वकारी भूमिका हमेशा इस पर निर्भर रही है कि अन्य सदस्य देश उसकी नीतियों के साथ कितना तालमेल रखते हैं. यूएइ के बाहर निकलने से यह संतुलन कमजोर होगा. यह एक बड़ी उत्पादन क्षमता वाले सहयोगी का नुकसान तो है ही, यह आंतरिक असंतोष को भी उजागर करता है. ऐसे में सवाल है कि ओपेक आगे कितना प्रभावी रह पायेगा. यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब सऊदी अरब को अपनी महत्वाकांक्षी आर्थिक परियोजनाओं के लिए उच्च तेल कीमतों की जरूरत है. ऐसा तेल उत्पादन पर नियंत्रण के जरिये ही संभव है. पर जब अन्य देश इसका पालन नहीं करते या संगठन से बाहर निकल जाते हैं, तब इसका बोझ सऊदी अरब पर अधिक पड़ेगा. उसे या तो उत्पादन घटाकर कीमतों को बनाये रखना होगा या बाजार हिस्सेदारी खोने का जोखिम उठाना होगा. यह एक कठिन संतुलन है, जो लंबे समय तक टिकाऊ नहीं हो सकता.
ओपेक में अनुशासन की समस्या भी है. कई सदस्य देशों ने अपने निर्धारित कोटे से अधिक उत्पादन किया है, जिससे संगठन की साख पर असर पड़ा है. नियमों का पालन करने वाले देशों के लिए यह स्थिति असंतोषजनक है. यूएइ का ओपेक से बाहर निकलना इस व्यापक असंतोष का नतीजा भी माना जा सकता है. यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि क्या यह कदम अन्य देशों को भी इसी दिशा में प्रेरित करेगा. जिन देशों के पास उत्पादन बढ़ाने की क्षमता है या जो अपनी आर्थिक नीतियों में बदलाव कर रहे हैं, वे भी ओपेक की सदस्यता के लाभों और सीमाओं का मूल्यांकन कर सकते हैं. यदि ऐसा होता है, तो ओपेक की सामूहिक शक्ति कमजोर हो सकती है और वैश्विक तेल बाजार अधिक प्रतिस्पर्धी और बिखरा हुआ हो सकता है.
अल्पकाल में तेल बाजार पर इसका प्रभाव सीमित रह सकता है, क्योंकि अभी भू-राजनीतिक तनाव और आपूर्ति बाधाएं कीमतों को प्रभावित कर रही हैं. पर दीर्घावधि में स्थिति बदल सकती है. यदि यूएइ स्वतंत्र रूप से उत्पादन बढ़ाता है, तो इससे आपूर्ति में वृद्धि होगी और कीमतों पर दबाव पड़ सकता है. साथ ही, एक मजबूत समन्वय तंत्र की कमी से बाजार में अस्थिरता बढ़ सकती है. कीमतों में उतार-चढ़ाव अधिक तीव्र हो सकते हैं, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था पर असर पड़ेगा.
तेल आयात करने वाले देशों के लिए इसके परिणाम मिले-जुले होंगे. एक ओर, सस्ती कीमतें राहत प्रदान कर सकती हैं और महंगाई को नियंत्रित करने में मदद कर सकती हैं. दूसरी ओर, बढ़ती अस्थिरता आर्थिक योजना और ऊर्जा सुरक्षा के लिए नयी चुनौतियां पैदा कर सकती हैं. यूएइ का यह कदम वैश्विक ऊर्जा राजनीति में हो रहे व्यापक बदलावों को भी दर्शाता है. पारंपरिक सहयोग आधारित मॉडल अब तकनीकी प्रगति, बदलती मांग और नये भू-राजनीतिक समीकरणों के दबाव में है. देश अब सामूहिक अनुशासन से अधिक अपने राष्ट्रीय हितों और लचीलेपन को प्राथमिकता दे रहे हैं. ऊर्जा केवल आर्थिक संसाधन नहीं रह गयी है, बल्कि यह रणनीतिक शक्ति का साधन बन चुकी है.
यह जरूरी नहीं है कि ओपेक का महत्व तुरंत समाप्त हो जाये. इस संगठन ने अतीत में कई संकटों का सामना कर खुद को प्रासंगिक बनाये रखा. भविष्य में भी यह अपनी भूमिका निभा सकता है. पर इसकी ताकत और छवि पहले जैसी नहीं रही, सो इसे समय के अनुसार खुद को ढालना होगा. यूएइ का यह निर्णय केवल एक संगठन से बाहर निकलने का मामला नहीं, वैश्विक ऊर्जा व्यवस्था में हो रहे बदलाव का संकेत है, जो दर्शाता है कि देश अब अधिक स्वतंत्रता, लचीलापन और रणनीतिक स्वायत्तता की ओर बढ़ रहे हैं. आगे अन्य देश भी ऐसे विकल्पों पर विचार कर सकते हैं. उनके निर्णय तय करेंगे कि वैश्विक तेल बाजार किस दिशा में बढ़ेगा.
(ये लेखक के निजी विचार हैं.)
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By आनंद कुमार
आनंद कुमार नई दिल्ली स्थित विश्लेषक हैं, जिनकी विशेषज्ञता रणनीतिक मामलों, सुरक्षा मुद्दों और दक्षिण एशियाई भू-राजनीति में है। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित थिंक टैंकों में कार्य किया है। वे चार पुस्तकों के लेखक और दो संपादित ग्रंथों के संपादक हैं। उनकी नवीनतम पुस्तक Strategic Rebalancing: China and US Engagement with South Asia है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










