नया भारत अवसरों, उपलब्धियों और आकांक्षाओं का है

Author : Prabhat Khabar Digital Desk Published by : Pritish Sahay Updated At : 12 Jun 2026 11:13 AM

विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, फोटो-एएनआई

PM Modi: पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. इस दौरान देश ने आर्थिक प्रगति, डिजिटल क्रांति, आधारभूत ढांचे के विस्तार और वैश्विक स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा का अनुभव किया. साथ ही काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और अयोध्या में राम मंदिर जैसी परियोजनाओं के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान मिली. आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसे अभियानों ने देश में आत्मविश्वास और नवाचार की नई भावना जगाई, जिससे भारत विश्व मंच पर अधिक प्रभावशाली बनकर उभरा है.

विज्ञापन

देवेश कुमार, बिहार विधान परिषद के सदस्य एवं मिजोरम भाजपा के प्रभारी
डॉ निखिल आनंद, राष्ट्रीय महामंत्री, भाजपा ओबीसी मोर्चा

PM Modi: भारत के लिए नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्रित्व काल का पिछला 12 वर्ष केवल शासन परिवर्तन का ही नहीं, युग परिवर्तन का कालखंड बन गया है. वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आरंभ हुई यात्रा ने भारत को केवल आर्थिक प्रगति के पथ पर अग्रसर नहीं किया, बल्कि उसे अपनी सांस्कृतिक जड़ों, आध्यात्मिक मूल्यों और सभ्यतागत चेतना से पुनः जोड़ने का कार्य भी किया. इन वर्षों में भारत ने विकास और विरासत, आधुनिकता और परंपरा, विज्ञान और अध्यात्म के अद्भुत समन्वय का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया है, जिसकी चर्चा आज पूरे विश्व में हो रही है. प्रधानमंत्री मोदी ने शासन की बागडोर संभालते समय एक ऐसे भारत की कल्पना प्रस्तुत की थी, जो आत्मविश्वासी, आत्मनिर्भर और अपनी जड़-जमीन की पहचान को लेकर गौरवान्वित हो. यह दृष्टि केवल नीतियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से एक राष्ट्रीय अभियान का रूप लेती चली गयी. परिणामस्वरूप, आज का भारत अवसरों, उपलब्धियों और आकांक्षाओं का नया भारत बनकर विश्व मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहा है.

मोदी के नेतृत्व में विकास को केवल आर्थिक सूचकांकों तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि विकास का मतलब आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना माना गया. गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग को केंद्र में रखकर अनेक योजनाएं प्रारंभ की गयीं. जनधन योजना ने करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा, उज्ज्वला योजना ने गरीब महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलायी, आयुष्मान भारत ने स्वास्थ्य सुरक्षा का कवच प्रदान किया और प्रधानमंत्री आवास योजना ने लाखों परिवारों को सम्मानजनक जीवन का आधार दिया. इसी प्रकार, स्वच्छ भारत अभियान ने राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन का स्वरूप ग्रहण किया. जल-जीवन मिशन के माध्यम से गांव-गांव तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का प्रयास हुआ.

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व प्रगति की है. आधुनिक राजमार्ग, एक्सप्रेस-वे, रेलवे का तीव्र विस्तार, वंदे भारत जैसी आधुनिक रेल सेवाएं, नये हवाई अड्डे और डिजिटल कनेक्टिविटी ने देश के विकास को नयी गति दी. जो क्षेत्र कभी विकास की मुख्यधारा से दूर माने जाते थे, वे आज राष्ट्रीय प्रगति के महत्वपूर्ण केंद्र बन रहे हैं. डिजिटल इंडिया अभियान से शासन व्यवस्था में क्रांतिकारी परिवर्तन आया. भारत आज विश्व का अग्रणी डिजिटल भुगतान वाला राष्ट्र बन चुका है. तकनीक के माध्यम से भ्रष्टाचार पर नियंत्रण और योजनाओं के लाभ का सीधा हस्तांतरण सुनिश्चित हुआ है.

यदि इन 12 वर्षों की उपलब्धियों को एक वाक्य में व्यक्त करना हो, तो कहा जा सकता है कि भारत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ाये हैं. ‘आत्मनिर्भर भारत’ का मंत्र केवल आर्थिक नीति नहीं, बल्कि राष्ट्रीय आत्मविश्वास की अभिव्यक्ति है. ‘मेक इन इंडिया’, ‘स्टार्ट-अप इंडिया’, ‘स्किल इंडिया’ और नवाचार को प्रोत्साहन देने वाली नीतियों ने युवाओं को नये अवसर प्रदान किये हैं. आज भारत वैश्विक विनिर्माण, डिजिटल तकनीक, अंतरिक्ष अनुसंधान और स्टार्ट-अप इकोसिस्टम के क्षेत्र में महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में उभर रहा है. विश्व मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा भी इन 12 वर्षों की उल्लेखनीय उपलब्धि है. जी-20 की सफल अध्यक्षता, जलवायु परिवर्तन पर नेतृत्वकारी भूमिका, वैश्विक दक्षिण की आवाज को मुखर करना तथा विश्व के प्रमुख देशों के साथ मजबूत संबंध स्थापित करना भारत की बढ़ती शक्ति के प्रमाण हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की विशेषता केवल विकास नहीं, भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना का पुनर्जागरण भी है. स्वतंत्रता के बाद लंबे समय तक विकास और विरासत को परस्पर विरोधी माना जाता रहा, किंतु बीते 12 वर्षों में यह स्थापित हुआ कि अपनी जड़ों से जुड़कर भी आधुनिकता की ऊंचाइयों को प्राप्त किया जा सकता है. ‘काशी विश्वनाथ धाम’ का पुनर्विकास इस सोच का उत्कृष्ट उदाहरण है. सदियों पुरानी आस्था को आधुनिक सुविधाओं के साथ जोड़ते हुए काशी को नयी गरिमा प्रदान की गयी. उज्जैन में ‘महाकाल लोक’, ‘केदारनाथ धाम’ का पुनर्निर्माण, ‘सोमनाथ’ और अन्य तीर्थ स्थलों का विकास भारतीय सांस्कृतिक चेतना को नये आयाम प्रदान करता है.

इन परियोजनाओं ने न केवल धार्मिक आस्था को सम्मान दिया, बल्कि पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नयी शक्ति प्रदान की. अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण को इस कालखंड की सबसे महत्वपूर्ण सांस्कृतिक उपलब्धियों में गिना जायेगा. यह केवल एक मंदिर का निर्माण नहीं, भारत की सभ्यतागत स्मृति, सांस्कृतिक अस्मिता और राष्ट्रीय आत्मविश्वास के पुनर्जागरण का प्रतीक है.

भारत की आध्यात्मिक परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने में भी प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका उल्लेखनीय रही है. संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया जाना भारतीय संस्कृति की वैश्विक स्वीकार्यता का अभूतपूर्व उदाहरण है. प्रधानमंत्री ने बार-बार प्रतिपादित किया है कि भारत का विकास केवल भौतिक समृद्धि तक सीमित नहीं हो सकता. भारत की आत्मा उसकी संस्कृति, अध्यात्म, परिवार व्यवस्था, मानवता और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना में निहित है. यही कारण है कि आधुनिक विज्ञान और तकनीक के साथ-साथ भारतीय ज्ञान परंपरा, योग, आयुर्वेद एवं सांस्कृतिक मूल्यों को भी समान महत्व दिया गया.

इन 12 वर्षों में भारत के नागरिकों के मन में एक नये आत्मविश्वास का संचार हुआ है. चंद्रयान की सफलता, अंतरिक्ष क्षेत्र में उपलब्धियां, खेलों में बढ़ती प्रतिष्ठा, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता व वैश्विक मंचों पर भारत की प्रभावशाली उपस्थिति ने देशवासियों में गौरव की भावना को मजबूत किया है. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष केवल प्रशासनिक उपलब्धियों के विवरण नहीं हैं, बल्कि राष्ट्रीय पुनर्जागरण की गाथा हैं. यह कालखंड उस भारत के उदय का प्रतीक है जो विकास की नयी ऊंचाइयों को छूते हुए अपनी सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक मूल्यों को समान गौरव के साथ आगे बढ़ा रहा है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola