Weather Forecast: इन राज्यों में होगी भारी बारिश, बिहार-यूपी सहित जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल
Ghaziabad: Vehicles move on a road amid rain in Ghaziabad, Friday, Sept. 15, 2023. (PTI Photo/Arun Sharma)(PTI09_15_2023_000013B)
Weather Forecast Today: स्काइमेट वेदर के अनुसार, लो प्रेशर एरिया अब उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और निकटवर्ती पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा तट पर स्थित है. अगले 2 दिनों के दौरान इसके उड़ीसा और दक्षिण झारखंड में पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की उम्मीद है. जानें आज के मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में गुरुवार को एक या दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक या दो स्थानों पर और पूर्वांचल में कुछ जगह पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. इसके बाद 22, 23 और 24 सितंबर को पूरे प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं.

स्काइमेट वेदर के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान, गुजरात के कच्छ क्षेत्र, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उड़ीसा, झारखंड के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और कोंकण और गोवा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. वहीं पूर्वोत्तर भारत, तटीय कर्नाटक, लक्षद्वीप और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो तीव्र बारिश हो सकती है.

स्काइमेट वेदर के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार, विदर्भ, तेलंगाना, कोंकण और गोवा, पश्चिम मध्य प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. वहीं आंध्र प्रदेश, गुजरात क्षेत्र, राजस्थान के कुछ हिस्सों, पंजाब और हरियाणा में हल्की बारिश हो सकती है.

ओडिशा के अधिकांश हिस्सों में बुधवार को भारी बारिश हुई तथा मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में और बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. अधिकारियों ने बताया कि सक्रिय दक्षिण-पश्चिम मानसून के बीच बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण तथा कम दबाव वाला क्षेत्र बनने के कारण राज्य में भारी बारिश हुई. राज्य के दक्षिणी क्षेत्र के अलावा, कटक और भुवनेश्वर सहित तटीय और आंतरिक जिलों में भी अगले दो दिनों में मूसलाधार बारिश जारी रहेगी. मौसम कार्यालय ने गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक कालाहांडी, कंधमाल, सोनपुर, बोलांगीर, बौध, संबलपुर, अंगुल, बारगढ़ और झारसुगुड़ा के लिये भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.

बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण झारखंड में अच्छा असर दिख सकता है. 21 सितंबर को पश्चिमी और सटे मध्य भाग में भारी बारिश हो सकती है. 22 सितंबर को उत्तर-पश्चिमी हिस्से में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. गर्जन और वज्रपात की स्थिति बनी रहेगी.

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मौसम को लेकर मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को यानी आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. इस दौरान हवा की गति छह से आठ किमी प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है. आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कहीं कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










