Weather Forecast Today: दिल्ली से लेकर बिहार-झारखंड तक भारी बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट, जानें आज का मौसम
Published by : Pritish Sahay Updated At : 27 Jul 2024 7:04 AM
Weather Forecast | PTI
Weather Forecast Today: देश के लगभग सभी राज्यों में मानसून एक्टिव है. हालांकि कुछ राज्यों में कम बारिश हो रही है तो कहीं बारिश से कई जिले पानी-पानी हो गये हैं. स्काईमेट वेदर की एक रिपोर्ट के मुताबिक 1 जून से लेकर 25 जुलाई के बीच कई राज्यों में मानसून की गति सुस्त रहने के […]
Weather Forecast Today: देश के लगभग सभी राज्यों में मानसून एक्टिव है. हालांकि कुछ राज्यों में कम बारिश हो रही है तो कहीं बारिश से कई जिले पानी-पानी हो गये हैं. स्काईमेट वेदर की एक रिपोर्ट के मुताबिक 1 जून से लेकर 25 जुलाई के बीच कई राज्यों में मानसून की गति सुस्त रहने के कारण कम बारिश हुई है. हरियाणा, पंजाब, झारखंड समेत कुछ और राज्यों में सुस्त मानसून रहा. स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक आने वाले दिनों में कई राज्यों में मानसून को जोरदार बारिश हो सकती है. आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा देशभर का मौसम…
ओडिशा में अगले चार दिनों में भारी बारिश की आशंका
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे बांग्लादेश के तटीय क्षेत्रों और गंगीय पश्चिम बंगाल में एक महीने में तीसरी बार निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है. इस कारण प्रदेश में अगले चार दिनों तक कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा है कि आज यानी शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से पहले इसके प्रभाव से भद्रक, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, ढेंकनाल, अंगुल, क्योंझर, संबलपुर, देवगढ़, बारगढ़, बालासोर, मयूरभंज, सुंदरगढ़, जाजपुर, झारसुगुड़ा, पुरी, खोरधा, नयागढ़ बौध, सोनपुर, बोलांगीर, नुआपाड़ा, नबरंगपुर और मलकानगिरी जिलों के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
राजस्थान में इस पूरे सप्ताह सक्रिय रहेगा मानसून
मानसून की सक्रियता से राजस्थान में बारिश का दौर जारी है. बीते चौबीस घंटे में बांसवाड़ा, बूंदी, भरतपुर जिले में कहीं-कहीं मूसलाधार बारिश हुई. मौसम केंद्र ने कहा है कि अगले एक सप्ताह तक राज्य में मानसून सक्रिय रहेगा. इसके कारण प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश हो सकती है. प्रदेश मौसम केंद्र ने कहा है शुक्रवार को उत्तरी बंगाल की खाड़ी व बांग्लादेश, पश्चिम बंगाल तट पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है. मानसून ट्रफ लाइन अपने सामान्य अवस्था में है. ऐसे में राजस्थान के कई हिस्सों में पूरे सप्ताह बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक कोटा, उदयपुर में बहुत भारी बारिश की आशंका है. वहीं भरतपुर, जयपुर, अजमेर, बीकानेर और जोधपुर में मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. कहीं-कहीं तेज बारिश की संभावना है.
दिल्ली में हो सकती है मूसलाधार बारिश
देश की राजधानी दिल्ली में भी आज जोरदार बारिश की संभावना है. दिल्ली में बीते दो दिनों से हो रही बारिश के कारण उमस भरी गर्मी से राहत मिली है. शुक्रवार को भी राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई थी. मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में आज कई हिस्सों में बारिश हो सकती है.
हिमाचल प्रदेश के 8 जिलों में अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी है. शिमला मौसम कार्यालय ने प्रदेश में अलगे चार दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम केंद्र ने 30 जुलाई तक राज्य के 12 में से आठ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार को बारिश होती रही. मानसून की दस्तक के साथ ही प्रदेश में हुई बारिश के कारण अब तक 51 लोगों की जान जा चुकी है. और करोड़ों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है.
उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण स्कूलों की छुट्टी
उत्तराखंड में भी भारी बारिश हो रही है. मौसम केंद्र ने आज यानी 27 जुलाई के लिए कई इलाकों में भारी बारिश का अंदेशा जाहिर किया है. मौसम केंद्र ने कहा है कि देहरादून जिले में भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय ने जिले में कक्षा 1 से 12 तक चलने वाले सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनवाड़ी केंद्रों में एक दिन की छुट्टी घोषित कर दी है. वहीं, चमोली जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण बद्रीनाथ में अलकनंदा नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है. इसके कारण नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है.
अगले 24 घंटों के दौरान कहां होगी बारिश
स्काईमेट वेदर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान कोंकण और गोवा, विदर्भ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान, दक्षिण गुजरात और केरल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा, तेलंगाना, गुजरात और राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में मध्यम से मध्यम बारिश हो सकती है. भाषा इनपुट के साथ
Hemant Soren Master Stroke: झारखंड में 10 कंपनियां करेंगी 13 हजार करोड़ का निवेश, देखें वीडियो
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










