किले पर ट्रेकिंग, हुडी पहन पीछा और खाई में धकेलना.. CCTV फुटेज से ऐसे सुलझी केतन मर्डर मिस्ट्री

Updated:
विज्ञापन

केतन अग्रवाल और सिया की फाइल फोटो, गोल घेरे में गिरफ्तार हुई सिया और चेतन

Pune Murder Mystery: पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत को पहले हादसा माना गया था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया. फुटेज में एक हुडी पहना युवक उनका पीछा करता दिखा, जिसकी पहचान चेतन चौधरी के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस की पूछताछ में एक-एक कर सारे राज खुलते चले गए.

विज्ञापन

Pune Murder Mystery: पुणे के लोहागढ़ किले घूमने गए कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत की गुत्थी एक सीसीटीवी फुटेज ने जरिए खुली. शुरुआत में इस घटना को महज एक हादसा माना जा रहा था, लेकिन जांच के दौरान सामने आए सबूतों ने इसे सुनियोजित हत्या (Well Planned Murder) साबित कर दिया. जांच के दौरान पुलिस ने लोहागढ़ किले के पास काउंटर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में केतन अग्रवाल और उनकी मंगेतर सिया गोयल एक साथ किले की ओर जाते दिखाई दिए. इसी दौरान पुलिस की नजर एक ऐसे युवक पर पड़ी जो दोनों से कुछ दूरी पर लगातार उनका पीछा करता नजर आ रहा था. बाद में इस शख्स की पहचान चेतन चौधरी के रूप में हुई. पुलिस के अनुसार, यही फुटेज जांच में सबसे अहम सबूत साबित हुई.

33 डिग्री तापमान में हुडी पहनना बना शक की वजह

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिस दिन घटना हुई उस समय उस जगह का तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस था. इसके बावजूद फुटेज में दिखाई दे रहा युवक शॉर्ट्स और हुडी पहनकर घूम रहा था. अधिकारियों ने बताया कि उसने हुडी का अगला हिस्सा इस तरह नीचे कर रखा था कि उसका चेहरा नजर नहीं आ रहा था. इतना ही नहीं, उसने हुडी के ऊपर हेडसेट भी लगा रखा था. उसकी गतिविधियां और हाव-भाव जांचकर्ताओं को संदिग्ध लगे, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की.

सिया के पीछे मुड़ते ही बैठ गया आरोपी

पुलिस ने यह भी बताया कि एक अन्य सीसीटीवी फुटेज में सिया अचानक पीछे मुड़कर देखती है और उसी समय हुडी पहना युवक भी अचानक नीचे बैठ जाता है. जांच अधिकारियों का मानना है कि यह संयोग नहीं था और इससे दोनों के बीच संपर्क होने का संदेह और मजबूत हुआ.

इसे भी पढ़ें

पुणे मर्डर मिस्ट्री: करोड़ों में की गई थी शादी के लिए हॉल की बुकिंग, मंगेतर ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी हत्या!
पुणे मर्डर केस: 14 जून को सिया की पहली कोशिश हुई थी फेल, 18 को खाई में धकेलकर ली केतन की जान

पूछताछ में खुला पूरा मामला

तकनीकी साक्ष्यों (Technical Evidence) स्थानीय अपराध शाखा (Local Crime Branch) और लोनावला ग्रामीण पुलिस से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने चेतन चौधरी का पता लगाया और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. पूछताछ में हादसे की पूरी कलई खुलती चली गई और चेतन ने कबूल किया की केतन संतुलन बिगड़ने से नहीं गिरा था बल्कि उसे धक्का दिया गया था. बाद में पुलिस ने सिया को भी गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है.

कॉल रिकॉर्ड से खुला प्रेम संबंध का राज

केतन मर्डर केस में चेतन और सिया की पुलिस ने कॉल डिटेल भी खंगाली. कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और डिजिटल संचार से जुड़े सबूतों की भी जांच की. जांच में पता चला कि सिया लगातार चेतन चौधरी के संपर्क में थी. पुलिस को संदेह हुआ कि दोनों के बीच प्रेम संबंध है और इसी एंगल से जांच को आगे बढ़ाया गया.

पढ़ें प्रभात खबर की खास खबर

सोनम, मुस्कान और सिया: क्या कहती हैं ये चर्चित हत्याएं?

14 जून को भी की गई थी हत्या की कोशिश

पुलिस की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि सिया 14 जून को भी केतन को लोहागढ़ किला लेकर गई थी. आरोप है कि उस दिन उसने केतन को चट्टान से नीचे धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन केतन ने समय रहते एक झाड़ी पकड़ ली और खुद को बचा लिया. जब केतन ने सिया से इस बारे में सवाल किया तो उसने वहां सांप होने की बात कहकर खुद को बचाने की कोशिश की और दावा किया कि वह उसे खतरे से बचा रही थी.

पहले हादसा माना गया था मामला

केतन अग्रवाल की इसी साल सिया गोयल से सगाई हुई थी. 18 जून को दोनों लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के लिए गए थे. उसी दौरान केतन एक चट्टान से नीचे खाई में गिर गए थे. घटना के बाद इसे दुर्घटना मानकर मामला दर्ज किया गया था. सिया ने केतन के परिजनों को बताया था कि ट्रेकिंग के दौरान उनका पैर फिसल गया, जिससे वह खाई में गिर गए.

Also Read: सांप से बचाने के नाम पर सिया ने दिया था केतन को धक्का, उसने परिवार से की थी शिकायत

विज्ञापन
प्रीतीश सहाय

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola