ePaper

Independence Day 2025 : GST में होगा सुधार, मिलेंगे रोजगार…, पढ़ें पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें

Updated at : 15 Aug 2025 9:20 AM (IST)
विज्ञापन
PM Modi Speech Red Fort

PM Modi Speech Red Fort

Independence Day 2025 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से लगातार 12वीं बार तिरंगा फहराया और देश को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि मेहनत करने वालों ने ही इतिहास रचा है. मेहनत से पत्थर भी टूटे हैं और समय की धारा बदली है. अब भी यही सही समय है जब हम पूरी मेहनत और लगन से आगे बढ़कर नए बदलाव लाएं.

विज्ञापन

Independence Day 2025 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से लगातार 12वीं बार तिरंगा फहराया. इसके बाद देश के लोगों को संबोधित किया. संबोधन में उन्होंने पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया. ऑपरेशन सिंदूर की बात की. इसके अलावा आत्मनिर्भर भारत पर जोर दिया. घुसपैठियों को पीएम मोदी ने बड़ा खतरा बताया और कहा कि ये आदिवासियों को भ्रमित कर रहे हैं. लाल किला से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो बड़े ऐलान किए. पीएम मोदी ने कहा कि इस दीवाली सरकार जीएसटी रिफॉर्म लेकर आ रही है. इसके साथ ही आज से पीएम मोदी ने देशभर में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना लागू करने का ऐलान किया. यहां पढ़ें पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें.

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पहलगाम में आतंकयों ने धर्म पूछ–पूछकर मारा. इसके बाद हमने आतंक के खिलाफ कार्रवाई के लिए सेना को खुली छूट दी. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में हमारे वीर सैनिकों ने दुश्मनों को कल्पना से परे सजा दी है. प्रधानमंत्री ने कहा कि खून और पानी एक साथ नहीं बहेंगे.

दुश्मनों को ऐसी सजा दी, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की : पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि 15 अगस्त का दिन इस बार और भी खास है. लाल किले की प्राचीर से मुझे ऑपरेशन सिंदूर के वीर सैनिकों को सलाम करने का अवसर मिला. हमारे बहादुर जवानों ने दुश्मनों को ऐसी सजा दी है, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी. पाकिस्तान में हुई तबाही इतनी बड़ी है कि रोज नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं. हमारा देश कई दशकों से आतंकवाद को सहता आया है. आतंकियों और उन्हें पनाह देने वालों ने हमारे देश के सीने को छलनी कर दिया है. लेकिन अब भारत ने ठान लिया है कि आतंकवाद और उसे पालने-पोसने वालों में कोई फर्क नहीं होगा. दोनों मानवता के दुश्मन हैं.

न्यूक्लियर धमकियों से डरने वाला नहीं है भारत : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने यह भी साफ कर दिया है कि न्यूक्लियर धमकियों और ब्लैकमेल को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. हमारे वीर सैनिकों ने यह साबित कर दिया है कि भारत अपने दुश्मनों को उनकी कल्पना से भी परे जाकर सजा देने की ताकत रखता है.

यह भी पढ़ें : सुन ले पाकिस्तान अब हमने तय कर लिया, न्यूक्लियर धमकियों पर पीएम मोदी ने दे दी सबसे बड़ी चेतावनी

सिंधु समझौता था एकतरफा : पीएम मोदी

लाल किले से पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने ठान लिया है कि खून और पानी साथ-साथ नहीं बहेंगे. हमारी नदियों का पानी अब दुश्मनों तक नहीं जाएगा. यह पानी भारत के किसानों का अधिकार है और उन्हें ही मिलेगा. सिंधु समझौता एकतरफा और अन्यायपूर्ण था, इसलिए राष्ट्रहित में इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता.

पीएम मोदी ने कहा–दुश्मन को पता भी नहीं चला कौन से थे हथियार

पीएम मोदी ने कहा कि गुलामी के दौर ने हमें गरीब बना दिया था, इसलिए आत्मनिर्भर होना बहुत जरूरी है. हमारी ताकत को बचाने और बढ़ाने के लिए आत्मनिर्भरता ही रास्ता है. ऑपरेशन सिंदूर में हमने देखा कि मेड इन इंडिया हथियारों ने कमाल कर दिया. दुश्मन समझ ही नहीं पाए कि हमारे पास कौन-कौन से हथियार हैं. अगर हम आत्मनिर्भर न होते तो इतनी तेजी से ऑपरेशन करना मुश्किल होता. पहले यह चिंता रहती कि हथियार कब और कहां से मिलेंगे. लेकिन मेड इन इंडिया ने सेना को वह शक्ति दी जिससे वह बिना रुकावट और बिना हिचकिचाहट दुश्मनों का सामना करती रही. पिछले 10 वर्षों से रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का यह मिशन लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है.

यह भी पढ़ें : सेमीकंडक्टर के विचार की 50-60 साल पहले हुई भ्रूण हत्या, अब भारत तेजी से कर रहा काम- पीएम मोदी

सुदर्शन चक्र मिशन करेंगे लॉन्च :  पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि देश अब सुदर्शन चक्र मिशन शुरू करने जा रहा है. यह एक बेहद ताकतवर हथियार प्रणाली होगी, जो दुश्मन के हमले को न सिर्फ नाकाम करेगी बल्कि कई गुना ज्यादा ताकत से पलटवार भी करेगी. उन्होंने बताया कि इस मिशन को अगले दस सालों में तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा. लक्ष्य है कि 2035 तक देश के सभी अहम स्थानों को इस राष्ट्रीय सुरक्षा कवच से ढक दिया जाए. यह कवच लगातार बढ़ता रहेगा ताकि हर नागरिक सुरक्षित महसूस कर सके.

घुसपैठिए कर रहे हैं आदिवासियों को भ्रमित, प्रधानमंत्री ने कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि घुसपैठिए आदिवासियों को भ्रमित कर रहे हैं. एक नए संकट के बीज बोए जा रहे हैं. उन्होंने घुसपैठियों के खतरे पर कहा कि सीमावर्ती इलाकों की जनसंख्या बदल रही है. हम अपना देश घुसपैठियों के भरोसे नहीं छोड़ सकते. ये लोग आदिवासियों को गुमराह कर उनकी रोजी-रोटी छीन रहे हैं. उन्होंने देश को इस चुनौती से सावधान किया और बताया कि इसके समाधान के लिए सरकार ने हाई पावर डेमोग्राफी मिशन शुरू करने का निर्णय लिया है.

सेमीकंडक्टर और ऊर्जा को लेकर क्या बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि सेमीकंडक्टर बनाने की योजना 50-60 साल पहले बनी थी, लेकिन फाइलें अटक गईं और काम आगे नहीं बढ़ सका. अब मेड इन इंडिया सेमीकंडक्टर बाजार में उतरेगा. अभी छह यूनिट बन चुकी हैं और चार और को मंजूरी मिल गई है. इस साल के अंत तक भारत में बने सेमीकंडक्टर चिप्स बाजार में आ जाएंगे. ऊर्जा के क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर बनना जरूरी है, क्योंकि पेट्रोल, डीजल और गैस पर हम अन्य देशों पर निर्भर हैं और भारी खर्च करना पड़ता है. पिछले 11 साल में सौर ऊर्जा 30 गुना बढ़ी है.

10 नए न्यूक्लियर रिएक्टर बनाने का काम है जारी : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि भारत परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है. 10 नए न्यूक्लियर रिएक्टर बनाने का काम चल रहा है. आने वाले समय में परमाणु ऊर्जा की क्षमता को 10 गुना तक बढ़ाया जाएगा. साथ ही, इस क्षेत्र में अब निजी कंपनियों को भी काम करने का मौका मिलेगा.

हमें आत्मनिर्भरता में बेस्ट होना है : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आत्मनिर्भर बनने के लिए हमें हर क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ होना होगा. यह समय की मांग है, इसलिए मैं देशवासियों और सभी इन्फ्लुएंसर्स से आग्रह करता हूं कि यह किसी राजनीतिक दल का एजेंडा नहीं, बल्कि भारत का एजेंडा है. हमें मिलकर वोकल फॉर लोकल मंत्र को सफल बनाना है. आने वाला समय इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) का है. हमें “दाम कम, दम ज्यादा” का मंत्र अपनाना होगा और उत्पादन की लागत घटाकर भारत को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाना होगा.

ये नया इतिहास बनाने का समय: मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि लोग मुद्रा योजना से लोन लेकर अपना कारोबार बढ़ा रहे हैं. सरकार भी नियमों में बदलाव कर रही है ताकि लोगों को और आसानी मिले. उन्होंने कहा कि 2047 दूर नहीं है, हर पल की कीमत है और हमें समय बर्बाद नहीं करना चाहिए. यह आगे बढ़ने, बड़े सपने देखने और पूरी लगन से काम करने का अवसर है. सरकार जनता के साथ है और मिलकर हम नया इतिहास बना सकते हैं. हमारे MSME दुनिया में अपनी पहचान बना रहे हैं, अब हमें क्वालिटी में और ऊंचाइयां छूनी हैं.

हमें अपनी लकीर लंबी करनी है: पीएम मोदी

लाल किले से पीएम मोदी ने कहा कि हमें किसी की लकीर छोटी करने की जरूरत नहीं है, बल्कि अपनी लकीर लंबी करनी है. अगर हम खुद को मजबूत बनाएंगे तो दुनिया भी हमारी ताकत को मानेगी. आज जब वैश्विक प्रतिस्पर्धा और स्वार्थ बढ़ रहे हैं, तो हमें समस्याओं पर रोने के बजाय साहस से आगे बढ़ना होगा. अगर हमने सही रास्ता चुन लिया तो कोई स्वार्थ हमें रोक नहीं सकेगा. उन्होंने कहा कि बीता दशक सुधार, काम और बदलाव का रहा है, अब हमें और ज्यादा ताकत के साथ आगे बढ़ना है.

यह भी पढ़ें : PM Modi Attire: पीएम मोदी ने 15 अगस्त पर पहना नारंगी रंग का साफा, अलग अंदाज में आए नजर 

हमने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि दी है: पीएम मोदी

देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आजादी का पर्व संकल्पों और एकता का पर्व है. हमारा संविधान देश को रास्ता दिखा रहा है. यह हमारी सामूहिक उपलब्धियों का उत्सव है. लाल किले पर कई विशेष अतिथि मौजूद हैं. धारा 370 हटाकर हमने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि दी है.

मेड इन इंडिया फाइटर जेट इंजन पर क्या कहा पीएम मोदी ने

प्रधानमंत्री मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीक की ताकत से कई देश आगे बढ़े हैं और भारत भी उसी दिशा में बढ़ रहा है. जल्द ही नेशनल डीप वॉटर मिशन शुरू होगा, जिससे समुद्र में छिपे गैस और तेल के भंडार खोजे जाएंगे. साथ ही गगनयान मिशन की तैयारी भी चल रही है और स्पेस सेक्टर में तेजी से काम हो रहा है. भारत अपना खुद का स्पेस सेंटर बनाएगा. पीएम मोदी ने युवाओं, इंजीनियरों और पेशेवरों से आह्वान किया कि अब हमें अपना मेड इन इंडिया फाइटर जेट इंजन बनाना चाहिए.

यह भी पढ़ें : Independence Day 2025 : आजादी के आंदोलन को याद करने का दिन

मैं दिवाली पर आपको दूंगा डबल तोहफा : पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि हमने नेक्स्ट जेनरेशन सुधारों के लिए टास्क फोर्स बनाई है. अब हर क्षेत्र में सुधार करना हमारा लक्ष्य है. उन्होंने कहा कि इस दिवाली मैं देशवासियों को बड़ा तोहफा दूंगा, जिससे लोगों की डबल दिवाली होगी. समय की मांग है कि जीएसटी दरों की समीक्षा की जाए. इसलिए हम नया जीएसटी रिफॉर्म ला रहे हैं. इसमें आम लोगों के लिए टैक्स कम होगा और जीएसटी की दरों में बड़ी कटौती की जाएगी, ताकि कारोबार और आम जिंदगी दोनों आसान बन सकें.

विकसित भारत रोजगार योजना को लेकर क्या बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने लाल किले से कहा कि देश के युवाओं के लिए बड़ी योजना शुरू की जा रही है. आज से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना लागू हो गई है. इसके तहत निजी क्षेत्र में पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को सरकार की ओर से 15 हजार रुपये मिलेंगे. इस योजना पर एक लाख करोड़ रुपये खर्च होंगे और इससे लगभग 3.5 करोड़ युवाओं को रोजगार मिलेगा.

गरीबों के लिए योजनाएं जमीन पर उतारी जा रही हैं : पीएम

पीएम मोदी ने कहा कि वे गरीबी को अच्छी तरह समझते हैं. इसलिए उनकी कोशिश है कि सरकार सिर्फ फाइलों में न रहे, बल्कि लोगों की जिंदगी में दिखे और सकारात्मक रूप से काम करे. इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. गरीबों के लिए योजनाएं जमीन पर उतारी जा रही हैं. पीएम आवास योजना से 4 करोड़ गरीबों को घर मिले हैं, जो सिर्फ दीवारें नहीं बल्कि उनके सपने हैं. पीएम सुनिधि योजना से रेहड़ी-पटरी वाले भी लाभान्वित हुए हैं और अब यूपीआई से लेन-देन कर रहे हैं. जमीन से जुड़ी ये योजनाएं लोगों की जिंदगी बदलने का मजबूत जरिया बन रही हैं.

किसानों, मछुआरों और कामगारों के हित में काम कर रही है सरकार

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि किसानों की मेहनत रंग ला रही है. अब बेहतर खाद, पानी और बीज आसानी से मिल रहे हैं. भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मछली और सब्जी उत्पादक बन चुका है और हमारे उत्पाद विदेशों में भी पसंद किए जा रहे हैं. किसानों को फसल बीमा का भरोसा मिला है. पीएम धन-धन्य कृषि योजना से 100 जिलों के किसानों को सीधी मदद मिलेगी. मोदी ने कहा कि सरकार सिर्फ कागजों पर नहीं, बल्कि किसानों, मछुआरों और कामगारों के जीवन में बदलाव लाने के लिए खड़ी है. पहले भी योजनाएं थीं, लेकिन हमने उन्हें जमीन पर उतारकर लोगों का विश्वास जीता है. आयुष्मान भारत ने गरीबों को स्वास्थ्य का सहारा दिया है और पीएम स्वनिधि योजना ने छोटे कामगारों तक विकास की धारा पहुंचाई है.

RSS की 100 साल की यात्रा पर देश को गर्व, बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आज से 100 साल पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की स्थापना हुई थी. सेवा, समर्पण, संगठन और अनुशासन इसकी पहचान है. आरएसएस हमेशा मां भारती के कल्याण के लिए काम करता रहा है. यह दुनिया का सबसे बड़ा एनजीओ है और इसकी 100 साल की गौरवशाली यात्रा रही है। लाल किले से पीएम मोदी ने सभी स्वयंसेवकों को नमन किया.

विज्ञापन
Amitabh Kumar

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

डिजिटल जर्नलिज्म में 14 वर्षों से अधिक का अनुभव है. करियर की शुरुआत Prabhatkhabar.com से की. राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर अच्छी पकड़ है. राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहन लेखन का अनुभव रहा है. तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन में विशेष रुचि है. ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग खबरों पर लगातार फोकस रहता है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola